आकाशीय बिजली से खेत में 2 चरवाहों की मौत, 2 झुलसे

जालौन । यूपी के जालौन में शनिवार को आकाशीय बिजली गिरने से 2 चरवाहों की मौत हो गई व 2 झुलस गए। इस हादसे के बाद उनके परिवार में कोहराम मचा है। इस हादसे की खबर मिलते ही एसडीएम मौके पर पहुंचे और उनके शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया व घायलों को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया है।
शनिवार को तहसील क्षेत्र के ऊसर गांव निवासी बलराम सविता, लाला सविता, राजेंद्र दुबे और सुरेंद्र उर्फ ​​बड़े लाला अपने मवेशियों को खेत में चराने गए थे। करीब 3 बजे वे अपने मवेशियों को गांव के पास स्थित खेत में लेकर आए और उन्हें चराने लगे। इसी दौरान बारिश से बचने के लिए सभी पास में ही एक नीम के पेड़ के नीचे शरण लेने चले गए। तभी आसमान से पेड़ पर आकाशीय बिजली गिरी जिसकी चपेट में चारों आ गए। इसमें बलराम और लाला सविता की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं सुरेंद्र और राजेंद्र दुबे गंभीर रूप से घायल हो गए। इस घटना के बाद चीख पुकार सुनकर दूर खड़े ग्रामीण मौके पर पहुंचे। मौके पर पहुंचे लोगों ने दोनों घायलों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। घायल राजेंद्र दुबे ने बताया कि हम लोग खेत में जानवर चरा रहे थे। तभी बारिश होने लगी। हम लोग एक पेड़ के नीचे खड़े थे। तभी आकाशीय बिजली गिरी। इसके बाद क्या हुआ मुझे नहीं पता। इस मामले में कालपी तहसीलदार ने बताया कि ऊसर गांव में आकाशीय बिजली गिरने से 2 लोगों की मौत हुई है जबकि 2 लोग घायल हुए हैं। मृतकों को मुआवजा दिलाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। 

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *