करूर भगदड़ में अब तक 3 लोग गिरफ्तार:एक्टर विजय पर आरोप- रैली में देर से पहुंचे ताकि भीड़ बढ़े; रोड शो की परमिशन नहीं थी

तमिलनाडु के करूर में एक्टर विजय की रैली में भगदड़ के मामले में अब तक 2 गिरफ्तारियां हो चुकी हैं। पहली गिरफ्तारी सोमवार को TVK के जिला सचिव वीपी माथिय्यालगन की हुई।

दूसरी गिरफ्तारी TVK के पदाधिकारी पौनराज की रही, जिस पर भगदड़ केस के मुख्य आरोपी माथिय्यालगन को शरण देने का आरोप है।

तीसरी गिरफ्तारी मंगलवार को यूट्यूबर और पत्रकार फेलिक्स गेराल्ड की हुई है। चेन्नई पुलिस ने इसकी पुष्टि की है। गेराल्ड पर अफवाहें फैलाने का आरोप है।

पुलिस ने माथिय्यालगन, राज्य महासचिव बसी आनंद और उप महासचिव निर्मल कुमार के खिलाफ FIR दर्ज की है।

FIR में विजय पर आरोप हैं कि वे जानबूझकर रैली में देर से पहुंचे, ताकि ज्यादा भीड़ इकट्ठा हो। इसके अलावा, उन्होंने बिना अनुमति के रोड शो किया।

तमिल एक्टर विजय की पॉलिटिकल पार्टी TVK की चुनावी रैली में 27 सितंबर का शाम भगदड़ मची थी। इसमें 41 लोग मारे गए थे। 51 घायल ICU में भर्ती हैं।

इधर, NDA सांसदों का पैनल मंगलवार को कोयंबटूर पहुंचा। जहां ये सभी मृतकों के परिजन और घायलों मिलेंगे। हादसे वाली जगह भी जाएंगे। पैनल में हेमा मालिनी, अनुराग ठाकुर समेत 8 सदस्य हैं।

4:45 बजे करूर में ही थे विजय, 7 बजे रैली में पहुंचे

FIR में कहा गया है कि विजय शाम करीब 4:45 बजे करूर में थे, लेकिन उनका काफिला शाम 7 बजे रैली स्थल पर पहुंचा, तब तक भीड़ बेकाबू हो चुकी थी। पुलिस ने रैली के आयोजक और विजय के करीबियों को स्थिति बिगड़ने की चेतावनी दी थी, लेकिन उन्होंने नजरअंदाज किया।

विजय पर आरोप, लेकिन केस दर्ज नहीं

मामले में पुलिस का भी पक्षपाती रवैया नजर आ रहा है। पुलिस ने FIR में विजय पर आरोप लगाए हैं, लेकिन उनके खिलाफ कोई केस दर्ज नहीं किया है। जबकि उनके तीन करीबियों पर केस किया है।

इनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 105 (हत्या का प्रयास), 110 (हत्या का प्रयास करने का प्रयास), 125 (अन्य की जान को खतरे में डालना) और 223 (आदेश की अवहेलना) के तहत मामला दर्ज किया गया है। साथ ही, तमिलनाडु सार्वजनिक संपत्ति (नुकसान और क्षति रोकथाम) अधिनियम, 1992 की धारा 3 के तहत भी कार्रवाई की गई है।

करूर भगदड़ की जांच रिटायर्ड हाईकोर्ट जस्टिस अरूणा जगदीशन की अध्यक्षता वाली कमेटी को सौंपी गई है। सोमवार को रिटायर्ड जस्टिस करूर सिविल अस्पताल पहुंचीं। घायलों का हाल जाना। वहीं, CM स्टालिन ने कहा कि कमेटी की जांच रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। साथ ही राजनीतिक दलों और अन्य संगठनों के आयोजित पब्लिक इवेंट्स (रैली-सभा) के लिए नए नियम बनाए जाएंगे।

एक्टर विजय के घर को बम से उड़ाने की धमकी 

रविवार रात एक्टर विजय के नीलांकरई स्थित घर को बम से उड़ाने की धमकी मिली। चेन्नई पुलिस को कॉल कर बताया गया कि घर में बम रखा है। पुलिस ने तुरंत एक्टर के घर की सुरक्षा बढ़ाई और बम स्क्वॉड ने तलाशी ली। हालांकि, अब तक विस्फोटक मिलने की खबर नहीं है। TVK के वकील अरिवझगन ने कहा कि स्थानीय लोगों से मिली जानकारी और CCTV फुटेज हैं। इनसे साफ है कि पूरी घटना DMK के कुछ नेताओं की साजिश थी। हमने हाईकोर्ट में स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) या CBI से जांच की मांग की है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *