एक प्लान पर चलेंगे 4 शहर:नए-पुराने रायपुर और दुर्ग-भिलाई को जोड़ेगा मेट्रो
रायपुर, दिल्ली एनसीआर की तर्ज पर अब नवा और पुराने रायपुर के साथ दुर्ग-भिलाई के हाऊसिंग, एजुकेशन, हेल्थ और ट्रांसपोर्ट खासतौर पर मेट्रो प्रोजेक्ट एक साथ कैसे आकार लेंगे? इसके लिए एक्सपर्ट की नियुक्ति होगी। अलग-अलग प्रोजेक्ट के एक्सपर्ट का पैनल चारों प्रमुख शहरों का प्रोजेक्ट एक साथ बनाएगा। उसी आधार पर स्टेट कैपिटल रीजन के तहत चारों शहरों का महानगरों की तर्ज पर विकास किया जाएगा। शासन स्तर पर एक्सपर्ट की पोस्टिंग के लिए मंजूरी दे दी गई है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में बुधवार को विधानसभा परिसर स्थित उनके कार्यालय में छत्तीसगढ़ राजधानी क्षेत्र विकास प्राधिकरण (स्टेट कैपिटल रीजन – एससीआर) की पहली बैठक हुई। बैठक में सबसे पहले बताया गया कि प्राधिकरण बनाने का उद्देश्य क्या है और ये कैसे काम करेगा।
इसके दायरे में कौन कौन से क्षेत्र आएंगे। इसी दौरान ये निर्णय लिया गया कि राजधानी क्षेत्र में क्षेत्रीय मोबिलिटी और लॉजिस्टिक्स का विकास किया जाएगा। इसके अलावा मेट्रो संचालन कैसे और किस किस रुट में किया जाएगा। इसके लिए टेक्नो-इकोनॉमिक फिजिबिलिटी स्टडी की जाएगी। इसके लिए विशेषज्ञ सलाहकारों की नियुक्ति पर विचार किया गया। साथ ही प्राधिकरण के प्रशासकीय और वित्तीय अधिकारों के प्रत्यायोजन, ऑडिट सेवाओं के लिए चार्टर्ड अकाउंटेंट की नियुक्ति की भी मंजूरी दी गई।
कैपिटल रीजन के तहत जितने भी क्षेत्रों में प्रोजेक्ट लांच किए जाएंगे, उसकी प्लानिंग के लिए विशेषज्ञों की नियुक्ति के लिए भी प्रस्ताव रखा गया। साथ ही राजधानी क्षेत्र में भूमि विकास और आबंटन की प्रक्रिया को सरल बनाने के संबंध में भी आवश्यक निर्देश जारी करने पर सहमति बनी।
