बारिश के बीच 17वें जत्थे में जम्मू से 4920 श्रद्धालु रवाना

श्री अमरनाथ यात्रा को सुचारू रूप से चलाने में एक बार फिर मौसम बाधा बना है। बुधवार को जम्मू स्थित भगवती नगर यात्री निवास से बारिश के बीच 4920 तीर्थयात्रियों का जत्था पहलगाम और बालटाल आधार शिविरों के लिए रवाना हुआ।

 

हालांकि मौसम खराब होने से प्रशासन ने पहलगाम और बालटाल से पवित्र गुफा की तरफ यात्रियों को आगे बढ़ने की अनुमति नहीं दी है। मौसम साफ होने पर तीर्थ यात्रियों को पवित्र गुफा में हिमलिंग के दर्शनों के लिए भेजा जाएगा। भगवती नगर यात्री निवास से कुल 188 छोटे-बड़े वाहनों में 4920 यात्रियों को 17वें जत्थे के रूप में रवाना किया गया। बारिश की वजह से जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर कई जगह पस्सियां गिरने के चलते तीर्थ यात्रियों को रामबन में ठहराया गया है। पहलगाम आधार शिविर के लिए 2566 और बालटाल आधार शिविर के लिए 2354 तीर्थ यात्री रवाना किए गए थे।

उल्लेखनीय है कि 1 जुलाई से शुरू हुई श्री अमरनाथ यात्रा में अब तक करीब 2 लाख 70 हजार के करीब तीर्थयात्री बाबा बर्फानी के दर्शन कर चुके हैं। वर्ष 2022 में हुई श्री अमरनाथ यात्रा में 3 लाख 30 हजार के करीब तीर्थयात्री पहुंचे थे। ऐसे में अगर मौसम साफ बना रहा तो इस साल श्री अमरनाथ यात्रा में तीर्थयात्रियों का नया रिकार्ड बनने की उम्मीद है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *