70,000 करोड़ का घोटाला! बिरयानी रेस्टोरेंट की जांच में हुआ खुलासा, पूरे देश में फैला है धंधा

नई दिल्ली: हैदराबाद में एक बिरयानी रेस्टोरेंट चेन की जांच में टैक्स चोरी का एक बहुत बड़ा घोटाला सामने आया है। माना जा रहा है कि फूड एंव बेवरेजेज इंडस्ट्री का यह घोटाला हजारों करोड़ रुपये का हो सकता है। टाइम्स ऑफ इंडिया की एक रिपोर्ट के मुताबिक इनकम टैक्स डिपार्टमेंट की हैदराबाद जांच यूनिट ने एक बिलिंग सॉफ्टवेयर में 60 टेराबाइट डेटा खंगालने के बाद यह गड़बड़ी पकड़ी है। इस सॉफ्टवेयर का इस्तेमाल देशभर में 1 लाख से ज्यादा रेस्टोरेंट करते हैं। माना जा रहा है कि इन रेस्टोरेंट्स ने 2019-20 से कम से कम 70,000 करोड़ रुपये की सेल्स को छिपाया है।

हालांकि अधिकारियों ने अब तक छिपाई गई इनकम पर टैक्स और पेनल्टी की गणना नहीं की है। उनका कहना है कि उन्होंने जिस सॉफ्टवेयर की जांच की है, वह देश के टोटल रेस्टोरेंट बिलिंग सॉफ्टवेयर मार्केट में करीब 10 फीसदी कंट्रोल करता है। जांचकर्ताओं ने 1.8 लाख से अधिक रेस्टोरेंट्स के डेटा को खंगालने के लिए डेटा एनालिसिस और एआई टूल्स का इस्तेमाल किया। इसमें जेनरेटिव एआई भी शामिल है। देशभर में कुल 70,000 करोड़ रुपये की बिक्री में से 13,317 करोड़ रुपये का डेटा डिलीट किया गया।

आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में 5,141 करोड़ रुपये की सेल को छिपाया गया। दोनों राज्यों में 40 रेस्टोरेंट्स के सैंपल की फिजिकल और डिजिटल जांच की गई। इनमें करीब 400 करोड़ रुपये की सेल छिपाने का पता चला है। सबसे ज्यादा गड़बड़ी तमिलनाडु, कर्नाटक, तेलंगाना, महाराष्ट्र और गुजरात में सामने आई है। कर्नाटक में 2,000 करोड़ रुपये, तेलंगाना में 1,500 करोड़ रुपये और तमिलनाडु में 1,200 करोड़ रुपये का सेल्स डेटा डिलीट किया गया।
Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *