बुरहानपुर के उपचुनाव में भाजपा की कविता को चार वोटों से हराकर कांग्रेस की रूपाली बनी पार्षद

बुरहानपुर ।  नगर परिषद शाहपुर के वार्ड क्रमांक 10 शिवाजी वार्ड में गत दिनों उपचुनाव कराए गए थे। शुक्रवार सुबह 9 बजे से मतगणना का काम शुरू हुआ। करीब 9:45 बजे तक परिणाम सामने आ गए। इसमें भाजपा की ओर से प्रत्याशी बनाई गई कविता ज्ञानेश्वर को चार वोटों से हराकर कांग्रेस की प्रत्याशी रूपाली राउत ने जीत दर्ज कराई है। भाजपा प्रत्याशी को कुल 383 वोट मिले हैं, जबकि कांग्रेस प्रत्याशी को 387 वोट प्राप्त हुए हैं। उल्लेखनीय है कि शिवाजी वार्ड से पूर्व में भाजपा की वैशाली राजकुमार पार्षद चुनी गई थी। संविदा शिक्षक के रूप में उनका चयन हो जाने के कारण उन्होंने पार्षद पद से इस्तीफा दे दिया था! मुख्य चुनाव में भाजपा बड़े अंतर से चुनाव जीती थी। वैशाली को 350 से ज्यादा वोट मिले थे। उपचुनाव में कांग्रेस ने सत्ताधारी दल भाजपा को परास्तकर दिया है।

सामाजिक समीकरण रहे महत्वपूर्ण

उपचुनाव में सामाजिक समीकरण भी महत्वपूर्ण रहा है। बताया जाता है कि इस वार्ड में मराठा समाज के लोगों की संख्या ज्यादा है। कांग्रेस ने इसी समाज से अपना प्रत्याशी खड़ा किया था। परिणाम घोषित होने के बाद कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता जश्न मना रहे हैं। बता दें कि नगर परिषद अध्यक्ष साधना तिवारी इसी वार्ड में निवास करती है। भाजपा की नगर परिषद अध्यक्ष के वार्ड में कांग्रेस की जीत ने सबको चौंका दिया है।

जनता भाजपा के झूठ को समझ चुकी -रघुवंशी

नगर परिषद शाहपुर के उपचुनाव में मिली जीत पर प्रदेश कांग्रेस महासचिव अजय रघुवंशी ने कहा है कि जनता भाजपा के झूठे विकास के दावों को अब समझ चुकी है। आने वाले सभी चुनावों में भाजपा को इसी तरह हार का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा की पूर्व मंत्री दिन-रात मुख्यमंत्री को चिट्ठियां लिख-लिखकर जिले का भरपूर चिट्ठी विकास कर रही हैं। सांसद बड़ी-बड़ी बातों से विकास कर रहे हैं। महापौर घर मे बैठे-बैठे ही पूरी नगर निगम चला रही है। इन सब बातों को बुरहानपुर जिले की जनता भली-भांति समझ चुकी है और अब करारा जवाब देने को तैयार भी है। इसकी शुरुआत आज शाहपुर में हो गई है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *