मर्डर मिस्ट्री फिल्म ‘नीयत’ का टीजर हुआ रिलीज

विद्या बालन अपनी आखिरी रिलीज 'मिशन मंगल' के बाद फिल्म 'नीयत' के साथ बड़े पर्दे पर वापसी करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। प्राइम वीडियो और विक्रम मल्होत्रा के जरिए निर्मित इस फिल्म के लिए अभिनेत्री अपनी फिल्म 'शकुंतला देवी' के निर्देशक अनु मेनन के साथ सहयोग करती नजर आएंगी। अभिनेत्री ने हाल ही में फिल्म का टीजर जारी किया, जिसे फैंस काफी पसंद कर रहे हैं।

आज बुधवार को विद्या बालन ने अपने इंस्टाग्राम पर अपनी आगामी फिल्म 'नीयत' का धमाकेदार टीजर साझा किया। कैप्शन में लिखा, "रहस्यों और उद्देश्यों की दुनिया का खुलासा होगा। देखिए 'नीयत'। सात जुलाई को केवल सिनेमाघरों में रिलीज होगी।" टीजर की शुरुआत एक आवाज के साथ होती है। टीजर में कहा गया कि "संदिग्ध आ रहे हैं, मकसद बन रहे हैं, तैयार हो जाओ दोस्तों, एक रहस्य आ रहा है।" मर्डर मिस्ट्री फिल्म के टीजर में एक जासूस के रूप में विद्या बालन का पहला लुक भी नजर आया है।
 
अभिनेत्री ने अपने ट्विटर पर दिलचस्प पोस्टर के साथ फिल्म से अपना लुक को साझा किया और लिखा, "मीरा राव से मिलें। एक क्लासिक मर्डर मिस्ट्री में इतनी क्लासिक जासूस नहीं। ट्रेलर कल आएगा। 'नीयत' सात जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।'' 'नीयत' की कहानी की बात करें तो यह एक मर्डर के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसके शक के दायरे में कई किरदार हैं। हालांकि, असली कातिल कौन है? यह देखना काफी दिलचस्प होगा। 'नीयत' का जारी किया गया पोस्टर फैंस के उत्साह को बढ़ा रहा है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *