हत्या कर आरोपितों ने नदी में फेंक द‍िया था युवक का शव, प्रेम प्रसंग के चलते गई जान

दतिया ।  उनाव थाना क्षेत्र में पहुंज नदी में मकर संक्रांति के दिन गत 14 जनवरी को उतराते मिले युवक के शव की शिनाख्त हो गई है। इस पूरे मामले का खुलासा उप्र की झांसी पुलिस ने किया है। उक्त युवक की हत्या प्रेमप्रसंग के चलते की गई थी।

शव को एक कार में रखकर नदी तक लाए

इसके बाद घटना को छुपाने के उद्देश्य से शव को एक कार में रखकर पहुंज नदी तक लाया गया। जहां आरोपितों ने शव को नदी में बहा दिया। युवक का शव पड़ौसी राज्य उप्र की सीमा से गुजरी पहुंज में बहता हुआ मप्र के उनाव थाना क्षेत्र की सीमा में पहुंच गया।

नौ आरोपितों में सात को झांसी पुलिस ने गिरफ्तार भी कर लिया

मृतक की पहचान झांसी के तालपुरा निवासी अरुण परिहार के रूप में हुई है। इस घटना में शामिल नौ आरोपितों में सात को झांसी पुलिस ने गिरफ्तार भी कर लिया है। अखाड़े में जाने की कहकर निकला था मृतकपुलिस के मुताबिक तालपुरा निवासी छोटू परिहार ने अपने बड़े भाई अरुण परिहार की 12 जनवरी को गुमशुदगी दर्ज कराई थी।

लौटकर नहीं आया घर

इस दौरान पुलिस को छोटू ने बताया था कि उसका भाई बड़ागांव गेट स्थित देव लाल चौबे के अखाड़े में जाने की बात कहकर निकला था, लेकिन इसके बाद वह घर लौटकर नहीं आया। पुलिस ने इस मामले में गुमशुदगी दर्ज कर युवक की तलाश शुरु की। 14 जनवरी को युवक का शव दतिया के उनाव में पहुंज नदी में उतराता मिला। इसकी जानकारी दतिया पुलिस ने झांसी पुलिस को दी। 15 जनवरी को युवक के स्वजन ने दतिया जिला अस्पताल पहुंचकर शव की शिनाख्त अरुण परिहार के रूप में की।

प्रेम प्रसंग के चलते हुई हत्या

उनाव पुलिस के मुताबिक मृतक अरुण परिहार अपने छोटे भाई छोटू के साथ बीकेडी चौराहे पर चाय का ठेला लगाता था। अरुण का एक युवती से प्रेमप्रसंग चल रहा था।

युवती के घर आता-जाता था युवक

युवती के भाई अंकित से भी अरुण की दोस्ती थी। अरुण अक्सर युवती के घर पर आता-जाता रहता था। गत आठ जनवरी को जब उक्त युवती की सगाई थी, उसी दौरान अरुण वहां पहुंच गया। जहां उसने हंगामा खड़ा कर दिया। अरुण की इस हरकत से युवती के भाई और स्वजन ने अरुण को ठिकाने लगाने की योजना बना ली। गत 12 जनवरी को दोस्त रितिक के बुलाने पर अरुण पार्टी करने नंदराम के घर गया।

डंडों से मारपीट कर दम घोंटा

जहां आरोपितों ने अरुण के ऊपर कंबल डालकर डंडों से मारपीट कर तकिया से उसका दमघोंट दिया। अरुण की मौत के बाद कार में शव को डालकर आरोपित उनाव तक लाए और पहुंज नदी में फेंककर फरार हो गए। घटना के संबंध में आरोपित अंकित, नंदराम, उसकी पत्नी मीना वंशकार, विशाल वंशकार, रितिक वंशकार, विकास ठाकुर और चंद्रपाल अहिरवार को गिरफ्तार किया गया है। अंकित का भाई नितिन और राहुल भगत फरार बताए जाते हैं।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *