सावन के तीसरे सोमवार पर बाबा के दर पर लगा भक्तों का तांता

उज्जैन | विश्व प्रसिद्ध  महाकालेश्वर मंदिर में श्रावण मास के तीसरे सोमवार पर आस्थावानों की भीड़ उमड़ी। बाबा महाकाल के निराकार से साकार स्वरूप में होने वाले भस्मआरती के दर्शनों के लिए देर रात्रि से ही मंदिर में श्रद्धालुओं की कतार लगना शुरू हो गई, जिसके बाद रात 2:30 बजे मंदिर के पट खुलते ही पूरा मंदिर परिसर जय  महाकाल की गूंज से गुंजायमान हो गया। भस्मआरती के पूर्व मंदिर में पुजारी, पुरोहितों ने जलाभिषेक कर भगवान महाकाल का भांग और सूखे मेवे से श्रृंगार किया। पूजन के पश्चात महानिवार्णी अखाड़ा महंत विनीत गिरी द्वारा भस्म अर्पित की गई। इस दौरान हजारों श्रद्धालुओं ने चलायमान दर्शन व्यवस्था के तहत अपने इष्ट देव बाबा महाकाल के दर्शनों का लाभ लिया।

श्रावण मास में बाबा महाकाल के दरबार में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ रही है। इस मास में अधिक से अधिक श्रद्धालु बाबा महाकाल की सुबह होने वाली भस्म आरती के दर्शन का लाभ ले सके, इसीलिए मंदिर में इन दिनों भस्मआरती के चलायमान दर्शन की व्यवस्था की गई है। जिसका लाभ प्रतिदिन हजारों श्रद्धालुओं को मिल रहा है। आज श्रावण मास के तीसरे सोमवार पर भी शहर ही नहीं बल्कि देश विदेशों से आए श्रद्धालुओं ने बाबा महाकाल की भस्म आरती का दर्शन लाभ लिया। रात 2:30 बजे से शुरू हुआ बाबा महाकाल के दर्शनों का क्रम अनवरत जारी है। श्रद्धालु बाबा के दर्शन कर उनका आशीर्वाद प्राप्त कर रहे हैं।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *