प्रतीक गांधी और पत्रलेखा ने फिल्म ‘फुले’ में अपने लुक से किया हैरान….

शिक्षा और समानता के अधिकार के लिए वर्षो तक लड़ने वाले महात्मा ज्योतिबा फुले की 195वीं जयंती के मौके पर फिल्म निर्माताओं ने उनकी बायोपिक फिल्म ‘फुले’ का फर्स्ट लुक रिलीज किया है। फर्स्ट लुक के रिलीज के बाद फैंस में काफी उत्साह है, पोस्टर में अभिनेता प्रतीक गांधी और एक्ट्रेस पत्रलेखा का लुक चर्चा का विषय बना हुआ है।

इस फर्स्ट लुक में प्रतीक व पत्रलेखा बिल्कुल महात्मा और सावित्री फुले की तरह दिख रहे है। फिल्म की शूटिंग खत्म होने के बाद मेकर्स ने फिल्म का पहला लुक रिलीज किया, जो महात्मा और सावित्री  की अनोखी विरासत की कहानी कहता है। महात्मा ज्योतिबा फुले ने अपनी पत्नी के साथ मिलकर छुआछूत और जातीय भेदभाव के खिलाफ लंबे वक्त तक आंदोलन और प्रदर्शन किया है।

फुले दंपती ने साल 1873 में सत्यशोधक समाज की स्थापना कर महिला, दलित और पिछड़ों के लिए समान अधिकारों की जोरदार वकालत करते हुए समाज के सभी वर्गों में शिक्षा प्रदान करने का समर्थन किया। साथ ही उन्होंने भारतीय समाज में प्रचलित विभाजन और भेदभाव को दूर करने के लिए भी खूब संघर्ष किया। महात्मा और सावित्री फुले के महिलाओं को स्कूल शिक्षा दिलाने के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान देने के लिए भी याद किया जाता है।

हिंदी फीचर फिल्म 'फुले' के लेखन और निर्देशन की कमान राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता निर्देशक अनंत महादेवन के हाथों में है। वहीं, प्रतीक गांधी और पत्रलेखा जैसे उम्दा कलाकार समाज सुधारक और सामाजिक कार्यकर्ता के तौर पर मशहूर महात्मा और सावित्री फुले की मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे।

फिल्म के निर्माता सुनील जैन इस फिल्म का हिस्सा बनकर काफी उत्साहित है। उनका मानना है कि यह फिल्म हर हिंदुस्तानी के दिल में अपनी जगह बनाएगी। इस कहानी को बड़े पर्दे पर उतारते हुए वह गर्व महसूस कर रहे है, क्योंकि इस कहानी को ज़्यादा से ज्यादा लोगों के सामने लाना बहुत जरूरी है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *