बसपा ने घोषित किए 7 प्रत्याशी, रामबाई का नाम नहीं 

भोपाल ।  मप्र विधानसभा चुनाव के लिए बीएसपी ने पहली लिस्ट में 7 प्रत्याशियों की सूची जारी की है। इस लिस्ट में क्षेत्रीय और जातिगत संतुलन का ख्याल रखा गया है। यूपी की बॉर्डर से सटी सीटों पर बसपा ने ये उम्मीदवार घोषित किए हैं। बीएसपी द्वारा जारी की गई सात उम्मीदवारों की लिस्ट में चंबल से एक, बुन्देलखंड से दो, और विंध्य क्षेत्र से चार प्रत्याशी घोषित किए गए हैं। इन उम्मीदवारों में तीन ब्राह्मण, दो पटेल, एक ठाकुर और एक दलित वर्ग है। इन उम्मीदवारों में बलवीर सिंह डंडोतिया, अवधेश प्रताप सिंह राठौर, रामराजा पाठक, देशराज अहिरवार, मणिराज सिंह पटेल, विष्णु देव पाण्डेय, पंकज सिंह शामिल हैं। 
सतना जिले की रामपुर बघेलान सीट से बसपा ने रिटायर्ड तहसीलदार को उम्मीदवार बनाया है। बसपा के विधानसभा प्रत्याशी बनाए गए मणिराज सिंह पटेल रामपुर बघेलान के पिथैपुर गांव के रहने वाले हैं। वे साल 2020 में तहसीलदार पद से रिटायर हुए और सरकारी नौकरी से सेवानिवृत्ति के 17 दिन बाद बसपा जॉइन कर ली थी। वे सतना की रघुराजनगर तहसील से रिटायर हुए हैं। मणिराज के चाचा सरपंच रह चुके हैं। वर्तमान में चचेरे भाई महेन्द्र सिंह वार्ड 21 से जिला पंचायत के सदस्य हैं। रामपुर बघेलान सीट पूर्व मुख्यमंत्री गोविन्द नारायण सिंह के परिवार की परंपरागत सीट रही है। इस सीट पर पूर्व मंत्री हर्ष सिंह के बेटे विक्रम सिंह बीजेपी से विधायक हैं। इस सीट पर 1993 और 2008 में बसपा के उम्मीदवार चुनाव जीत चुके हैं। केन्द्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर के प्रभाव वाली मुरैना जिले की दिमनी सीट पर बसपा ने फिर उम्मीदवार बनाया है। बलवीर डंडौतिया 2013 में दिमनी से बसपा से विधायक चुने गए थे। इसके बाद वे कांग्रेस में शामिल हो गए थे। लेकिन उनका मोहभंग हुआ और वे इसी साल फरवरी में फिर बसपा में वापस लौट आए थे। अब बीएसपी के टिकट पर वे फिर मैदान में ताल ठोकेंगे। इस सीट पर वर्तमान में कांग्रेस के रविन्द्र सिंह तोमर विधायक हैं। बीएसपी ने झांसी की सीमा से सटी निवाड़ी विधानसभा सीट पर बीएसपी ने अवधेश प्रताप सिंह राठौर को प्रत्याशी घोषित किया है। अवधेश प्रताप सिंह, कमलनाथ सरकार में मंत्री रहे स्वर्गीय बृजेन्द्र सिंह राठौर के चचेरे भाई हैं। पहले टीकमगढ़ जिला पंचायत के सदस्य और जनपद पंचायत उपाध्यक्ष रह चुके हैं। साल 2008 में परिसीमन के बाद निवाडी से उमा भारती की पार्टी (भारतीय जनशक्ति पार्टी) से विधानसभा का चुनाव लड़ चुके हैं। उमा की बीजेपी में वापसी के साथ ही अवधेश राठौर भी बीजेपी में शामिल हो गए थे। बृजेन्द्र सिंह राठौर के निधन के बाद हुए उपचुनाव में बीजेपी ने उन्हें निष्कासित कर दिया था। अब बसपा ने उन्हें प्रत्याशी बनाया है।
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा के संसदीय क्षेत्र खजुराहो में आने वाली राजनगर विधानसभा सीट पर बीएसपी ने रामराजा पाठक को प्रत्याशी बनाया है। वे साल 2008 में बसपा में शामिल हुए थे।  सतना जिले की रैगांव सीट पर बीएसपी ने अपने कैड़र के पुराने कार्यकर्ता को उम्मीदवार घोषित किया है। 1990 से बसपा में काम कर रहे देवराज अहिरवार को रैगांव सीट पर प्रत्याशी बनाया है। वे 2018 में विधानसभा चुनाव लड़ चुके हैं।  रीवा जिले की सेमरिया विधानसभा सीट पर बीएसपी ने तीसरी बार पंकज सिंह पटेल को उम्मीदवार बनाया है। पंकज वर्तमान में सेमरिया के विधानसभा प्रभारी हैं। वे 2013 और 2018 में विधानसभा का चुनाव लड़ चुके हैं। रीवा जिले की सिरमौर सीट से बीएसपी ने पुलिस विभाग के रिटायर डीएसपी विष्णुदेव पांडेय (वीडी) को उम्मीदवार घोषित किया है। वीडी पांडेय रीवा की सेमरिया सीट से कांग्रेस के पूर्व विधायक अभय मिश्रा के समधी हैं।  पिछले 2018 के विधानसभा चुनाव में बसपा के दो विधायक चुने गए थे। इनमें भिंड से संजीव सिंह कुशवाह और दमोह की पथरिया सीट से रामबाई सिंह परिहार विधायक बने थे। लेकिन संजीव सिंह ने बीजेपी जॉइन कर ली थी। रामबाई फिलहाल बसपा में ही हैं। लेकिन बीएसपी द्वारा जारी की गई लिस्ट में मौजूदा बसपा विधायक रामबाई का नाम घोषित नहीं किया गया है। 

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *