भाजपा किसान मोर्चा गांव-गांव लगाएगा चौपाल

भोपाल। केंद्र और राज्य सरकार ने किसानों के हित में जो कदम उठाए हैं, उन्हें जन-जन तक पहुंचाने के लिए प्रदेश भाजपा का किसान मोर्चा नमो शिव किसान चौपाल लगाएगा। संगठन ने इसकी कार्ययोजना तैयार कर ली है। इस कार्यक्रम की घोषणा 11 अगस्त को मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति में हो सकती है।
मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष दर्शन सिंह चौधरी ने बताया कि किसान चौपाल लगाने से पहले ट्रैक्टर यात्रा निकाली जाएगी। संभाग और जिला स्तर पर सम्मेलन करने की भी तैयारी है। कांग्रेस द्वारा की गई धोखाधड़ी को किसानों के बीच रखने के साथ सरकार ने किसान हित में कदम उठाए हैं, उन्हें बताया जाएगा। मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति में प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा, प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद, मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजकुमार चहल सहित अन्य वरिष्ठ नेता भाग लेंगे।
मप्र में भाजपा इस बार नई रणनीति के साथ चुनाव मैदान में उतरेगी। हर कार्यकर्ता को 4 काम करने की जिम्मेदारी दी है। इन चारों काम को पूरा करने के लिए 10 दिन की डेडलाइन होगी। पहले टास्क में भाजपा के मंडल और शक्ति केंद्र स्तर के कार्यकर्ताओं को 10 दिन में 200 लोगों को फोन कॉल करना है। दूसरे टास्क में बूथ स्तर पर जिन भाजपा समर्थकों या कार्यकर्ताओं के पास बाइक और फोर व्हीलर हैं, उनकी लिस्ट बनाना है। फोर व्हीलर पर कमल का फूल बनवाना है। तीसरे टास्क में वोटर्स से डेली कॉन्टैक्ट करने की जिम्मेदारी दी गई है। हर दिन दो वोटर्स के घर चाय पीने जाना होगा। चौथे टास्क में बूथ पर 5 जगह दीवार लेखन कराने को कहा गया है। प्रदेशभर में हो रहे विधानसभा सम्मेलनों में कार्यकर्ताओं को ये दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं। मध्यप्रदेश में भाजपा की 64 हजार 100 बूथ पर समितियां हैं।
भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा ने भोपाल में हुए विधानसभा सम्मेलन में कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा, आपके मोबाइल की कॉन्टैक्ट लिस्ट में अगर 500-600 नंबर हैं, तो आपको उनमें से 200 लोगों को 10 दिन में कॉल कर हाल-चाल पूछना है। उनके क्षेत्र में माहौल की जानकारी लेना है। लोगों की क्या राय है, यह भी जानना है। शर्मा ने कहा कि लोगों को 20 साल पहले मध्यप्रदेश में दिग्विजय सिंह की सरकार के दौर और पिछले 15 महीने की कमलनाथ सरकार में हुए भ्रष्टाचार और वादाखिलाफी को भी याद दिलाना है। कांग्रेस और भाजपा सरकारों की तुलनात्मक स्थिति भी समझानी है। अगर बातचीत में ऐसी कोई जानकारी मिलती है, जो जनता के बीच बड़ा मुद्दा है, तो इसे वरिष्ठ नेताओं को बताएं। भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा ने हर कार्यकर्ता को जिन 200 लोगों से कॉल कर चर्चा करने को कहा है, उनमें से 100 लोग भाजपा के कार्यकर्ता या समर्थक होंगे। बाकी 100 लोग आम जनता के बीच से होंगे। इनमें कर्मचारी, व्यापारी, रिश्तेदार भी हो सकते हैं।
भाजपा ने चुनाव प्रचार के लिए कई तरह की प्लानिंग की है। इस प्लानिंग में सोशल मीडिया से लेकर होर्डिंग, बैनर, पोस्टर, डिजिटल वॉल पेंटिंग और एलईडी स्क्रीन के जरिए प्रचार-प्रसार की तैयारी है। बूथ स्तर पर संगठन ने भाजपा के प्रति माहौल बनाने के लिए एक खास तैयारी शुरू की है। हर बूथ पर 10 मोटरसाइकिल मालिकों की लिस्ट तैयार कराई गई है। इनकी बाइक पर भाजपा का झंडा लगा होगा। औसतन एक विधानसभा में अगर 250 बूथ हैं तो भाजपा के पास करीब एक विधानसभा में 2750 बाइकधारकों की लिस्ट हर समय उपलब्ध रहेगी। इनके जरिए बड़ी बाइक रैली निकालकर माहौल बनाया जाएगा। भाजपा ने सभी कार्यकर्ताओं को निर्देश दिए हैं कि जिनके पास फोर व्हीलर हैं, वे अपनी गाड़ी के पीछे वाले कांच पर कमल का फूल बनवाकर लिखवाएं- फिर एक बार-भाजपा सरकार। फोर व्हीलर वाले भाजपा कार्यकर्ताओं, समर्थकों की लिस्ट भी तैयार करने को कहा गया है ताकि रैली, सभाओं के दौरान पब्लिक को लाने-ले जाने में वाहनों की उपलब्धता आसान हो सके।
भाजपा संगठन ने वोटर लिस्ट के एक पेज में दर्ज 30 मतदाताओं पर एक पन्ना प्रभारी के साथ पन्ना समिति बनाई है। पन्ना समिति के सदस्य अपने पेज में दर्ज 30 वोटर में से रोजाना दो मतदाताओं के घर चाय पीने जाएंगे। उनके हालचाल पूछेंगे। इसके बाद भाजपा के प्रति बन रहे माहौल की जानकारी देंगे। उन्हें यह भी बताएंगे कि मध्यप्रदेश में बहुमत से भाजपा की सरकार बन रही है। भाजपा ने सभी बूथ और शक्ति केंद्र स्तर के कार्यकर्ताओं को यह निर्देश दिए हैं कि हर बूथ के इलाके में कम से कम 5 स्थानों पर दीवार लेखन कराएं। दीवार पर कमल का फूल बनवाकर लिखवाएं- फिर एक बार-भाजपा सरकार।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *