Asia Cup 2023 : एशिया कप के लिए भारतीय टीम का एलान, राहुल-श्रेयस की वापसी

एशिया कप के लिए भारतीय टीम का एलान हो चुका है। केएल राहुल और श्रेयस अय्यर की टीम में वापसी हुई है। दोनों पिछले काफी समय से चोट की वजह से बाहर थे। अब दोनों की वापसी हुई है। वहीं, जसप्रीत बुमराह और प्रसिद्ध कृष्णा भी वनडे टीम में वापसी कर रहे हैं। यह दोनों भी चोटिल थे। तिलक वर्मा टीम में नया चेहरा होंगे। 

अजीत अगरकर की अगुआई वाली चयन समिति ने तिलक को चुनकर चौंकाया है। उन्होंने हाल ही में वेस्टइंडीज दौरे पर टी20 डेब्यू किया था। एशिया कप की शुरुआत 30 अगस्त से होने जा रही है। चयनकर्ता ने 18 खिलाड़ियों की टीम का एलान किया है। 17 खिलाड़ियों की टीम है और संजू सैमसन बैकअप विकेटकीपर (18वें खिलाड़ी) होंगे। युजवेंद्र चहल को टीम से बाहर कर दिया गया है।

हार्दिक पांड्या ही उपकप्तान
ऐसे कयास लगाए जा रहे थे कि हार्दिक से उपकप्तानी छिन कर बुमराह को दी जा सकती है। हालांकि, चयनकर्ताओं ने हार्दिक पर भरोसा जारी रखा और एशिया कप में वही टीम इंडिया की उपकप्तानी करते दिखेंगे। हालिया मैचों में रोहित शर्मा की अनुपस्थिति में ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या ने वनडे में टीम की भी कप्तानी की है। वह टी20 फॉर्मेट में भी टीम का नेतृत्व कर रहे हैं।

विश्व कप के विपरीत एशिया कप के नियम 17 सदस्यीय टीम की अनुमति देते हैं। बांग्लादेश और पाकिस्तान ने 17 सदस्यीय टीम चुनी है। इस साल एशिया कप पाकिस्तान-श्रीलंका की सह-मेजबानी में खेला जाएगा। पहला मैच 30 अगस्त को पाकिस्तान और नेपाल के बीच मुल्तान में खेला जाएगा।

एशिया कप के लिए टीम इंडिया
रोहित शर्मा (कप्तान), हार्दिक पांड्या (उपकप्तान), शुभमन गिल, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल, सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा, ईशान किशन, रवींद्र जडेजा, शार्दुल ठाकुर, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद शमी, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा।

मुल्तान में खेला जाएगा टूर्नामेंट का पहला मैच
टूर्नामेंट में छह टीमों को दो-दो ग्रुपों में बांटा गया है। ग्रुप-ए में भारत, मेजबान पाकिस्तान और नेपाल है। वहीं, ग्रुप-बी में बांग्लादेश, अफगानिस्तान और श्रीलंका है। उद्घाटन मुकाबला पाकिस्तान और नेपाल के बीच मुल्तान में 30 अगस्त को खेला जाएगा। वहीं, श्रीलंका की जमीन पर पहला मैच 31 अगस्त को बांग्लादेश और श्रीलंका के बीच कैंडी में होगा।

भारत का शेड्यूल
भारतीय टीम अपना पहला मैच दो सितंबर को पाकिस्तान के खिलाफ कैंडी में खेलेगी। इसके बाद उसी मैदान पर चार सितंबर को उसका मुकाबला नेपाल से होगा। प्रत्येक ग्रुप से शीर्ष दो टीमें सुपर फोर चरण के लिए क्वालीफाई करेंगी और इस चरण में शीर्ष दो टीमें फाइनल में पहुंचेंगी। एशिया कप इस बार 50 ओवर के प्रारूप में खेला जाएगा। विश्व कप से पहले टीमों को अपनी तैयारियों को अंतिम रूप देने का यह सुनहरा मौका होगा।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *