प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर चंद्रयान-3 की लैंडिंग के वक्त इसरो से वर्चुअली जुड़ेंगे

नई दिल्ली । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर चंद्रयान-3 की लैंडिंग के वक्त इसरो से वर्चुअली जुड़ेंगे। पीएम इस वक्त 22 से 24 अगस्त तक आयोजित होने वाले 15वें ब्रिक्स सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए दक्षिण अफ्रीका में हैं।
चंद्रयान-3 के लैंडर के बुधवार शाम 6 बजकर 4 मिनट पर चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुवीय क्षेत्र को छूने की उम्मीद है। सफल होने पर भारत – अमेरिका, रूस और चीन के साथ ये उपलब्धि हासिल करने वाला चौथा देश बन जाएगा।
मंगलवार को भारतीय अंतरिक्ष एजेंसी ने देश के महत्वाकांक्षी चंद्र मिशन चंद्रयान-3 द्वारा 70 किलोमीटर की दूरी से ली गई चंद्रमा की और तस्वीरें साझा की हैं। ये तस्वीरें बुधवार को ऐतिहासिक टचडाउन के दौरान लैंडर का मार्गदर्शन करने वाले कैमरे से ली गई थीं।
इसरो ने बताया, ये तस्वीरें शनिवार को लैंडर पोज़ीशन डिटेक्शन कैमरा द्वारा लगभग 70 किमी की ऊंचाई से ली गईं। इसरो ने कहा, कैमरा लैंडर मॉड्यूल को ऑनबोर्ड चंद्रमा संदर्भ मानचित्र के साथ मिलान कर उसकी स्थिति निर्धारित करने में मदद करता है। इसमें कहा गया कि लैंडिंग ऑपरेशन का सीधा प्रसारण बुधवार शाम 5:20 बजे शुरू होगा।
चंद्रयान-3 की लैंडिंग के बाद चंद्रमा पर एक रोवर तैनात करने और चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव का अध्ययन करने की योजना है। विक्रम लैंडर जिसके अंदर एक रोवर है, 23 अगस्त को चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर उतरेगा।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *