ब्रिक्स समिट के बाद ग्रीस पहुंचे पीएम मोदी

ब्रिक्स सम्मेलन के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक दिन के दौरे पर ग्रीस पहुंचे हैं। गौरतलब है कि करीब 40 साल बाद कोई भारतीय प्रधानमंत्री ग्रीस के दौरे पर है। प्रधानमंत्री मोदी से पहले 1983 में इंदिरा गांधी ग्रीस गई थीं।पीएम नरेंद्र मोदी ग्रीस की अपनी पहली यात्रा पर एथेंस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचे।

पीएम मोदी के स्वागत के लिए ग्रीस के विदेश मंत्री जॉर्ज गेरापेत्रिटिस ने एथेंस एयरपोर्ट पर पहुंचे।यहां पर काफी उत्साह के साथ उनका स्वागत किया गया।ग्रीस पहुंचने पर एथेंस में होटल ग्रांडे ब्रेटेन के बाहर जुटे भारतीय प्रवासियों ने पीएम मोदी का गर्मजोशी से स्वागत किया।पीएम मोदी एथेंस के होटल ग्रांडे ब्रेटेन पहुंचे। इस दौरान उन्होंने स्वागत करने के लिए होटल के बाहर एकत्र हुए भारतीय प्रवासियों से भी मुलाकात की।

ग्रीस में अपने दौरे पर पीएम मोदी ग्रीक राष्ट्रपति कतेरीना सकेलारोपोलू के साथ भी बैठक करेंगे। पीएम मोदी अपने यूनानी समकक्ष किरियाकोस मित्सोटाकिस से मुलाकात करेंगे और नेता दोनों देशों के बीच संबंधों को और गहरा करने के तरीकों पर चर्चा करेंगे। वह दोनों देशों के कारोबारी नेताओं से भी बातचीत करेंगे।

यात्रा के दौरान ग्रीक पीएम द्वारा एक बिजनेस लंच का भी आयोजन किया गया है।विदेश सचिव विनय क्वात्रा ने पहले प्रेस ब्रीफिंग में कहा था कि पीएम मोदी ग्रीस के प्रधानमंत्री के साथ प्रतिबंधित और प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता करेंगे। दोनों नेता प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता के बाद दोनों देशों के प्रमुख व्यवसायों को भी संबोधित करेंगे।

प्रधानमंत्री मोदी ने आखिरी बार सितंबर 2019 में संयुक्त राष्ट्र महासभा के इतर न्यूयॉर्क में ग्रीक प्रधानमंत्री से मुलाकात की थी। भारत और ग्रीस के बीच सभ्यतागत संबंध हैं, जो हाल के वर्षों में समुद्री परिवहन, रक्षा, व्यापार और निवेश संबंधित क्षेत्रों में सहयोग के माध्यम से मजबूत हुए हैं।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *