400 पेटी अवैध शराब के साथ दो तस्कर गिरफ्तार….

महासमुंद के सिंघोड़ा और साइबर सेल की टीम ने रेहटीखोल बैरियर के पास एक ट्रक से शराब की तस्करी कर रहे दो युवकों को गिरफ्तार किया है। युवकों से पुलिस ने 400 पेटी शराब जब्त की है। शराब झारखंड से ओडीशा होते हुए बीजापुर ले जाई जा रही थी। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 34(2), 59(क) आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि शुक्रवार को मुखबिर से सूचना मिली कि उत्तर प्रदेश का एक ट्रक भारी मात्रा में शराब लेकर ओडिशा की ओर से महासमुंद की ओर आ रहा है। सूचना पर सिंघोडा व साइबर सेल टीम ने सभी प्वाइंट पर तलाशी अभियान चलाया। इसी दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग रेहटीखोल के पास आइसर ट्रक क्रमांक यूपी 77 एटी 4876 को रोका गया। ट्रक में दो युवक सवार थे जिन्होंने अपना नाम-पता मानपुर थाना शिवराजपुर, जिला कानपुर, उत्तर प्रदेश निवासी अजय कुमार (25) चासबोकारो, थाना चासबोकारो, झारखण्ड निवासी बादल मण्डल (25) बताया। पुलिस ने जब ट्रक की तलाशी ली तो उसमें भूसा भरा था, भूसा बोरी को हटाने पर ट्रॉली में भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब की पेटियां मिली।

अब तक 10 हजार लीटर अवैध शराब जब्त

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जनवरी से अब तक पुलिस ने कुल 822 प्रकरणों में 857 आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए 47.53 लाख रुपए के 10434 लीटर शराब जब्त की है। शुक्रवार को पकड़ी गई शराब के संबंध में जब आरोपियों से पूछताछ की गई तो पता चला कि वे झारखण्ड से महासमुंद होते हुए जिला बीजापुर में शराब खपाने ले जा रहे थे।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *