महाराज के गढ़ में युवराज की धमक

भोपाल । केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया (महाराज) के गढ़ में जयवर्धन सिंह (राघौगढ़ के युवराज) सेंध लगाने में लगे हैं। दिग्विजय सिंह के बेटे जयवर्धन सिंह ने पिछले कुछ दिनों से शिवपुरी जिले में अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। शिवपुरी जिले से गुना जिला लगा हुआ है और गुना जिले की राघौगढ़ सीट से जयवर्धन सिंह विधायक हैं। पूर्व मंत्री और कांग्रेस विधायक जयवर्धन सिंह लगातार शिवपुरी जिले में दौरे कर रहे हैं और भाजपा के असंतुष्ट नेताओं को तोडऩे में लगे हैं। पिछले दिनों उन्होंने कोलारस से भाजपा के असंतुष्ट नेता बैजनाथ सिंह यादव, रघुराज सिंह धाकड़ और जितेंद्र जैन गोटू को अपनी मौजूदगी में कांग्रेस में शामिल कराया था।इस प्रवेश के बाद कोलारस विधानसभा क्षेत्र के बदरवास में गतदिनों एक रोड शो का आयोजन किया गया। बदरवास में जयवर्धन सिंह का ऐतिहासिक स्वागत किया गया। जहां पर बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के अलावा आमजन भी मौजूद रहे। जगह-जगह जयवर्धन सिंह का स्वागत किया गया। इस रोड शो के दौरान कोलारस विधानसभा क्षेत्र के अलावा जिले की चार अन्य विधानसभा सीट से भी कांग्रेस कार्यकर्ता यहां पहुंचे और जयवर्धन सिंह का स्वागत करते हुए देखे गए।

कई असंतुष्ट नेता संपर्क में
जयवर्धन सिंह ने कहा पूरे मध्य प्रदेश में कई असंतुष्ट भाजपा नेता कांग्रेस के संपर्क में हैं। जयवर्धन सिंह ने कहा कि असंतुष्ट भाजपा नेता ऐसे दल में आना चाह रहे हैं यहां पर निष्पक्षता से काम होता हो और कार्यकर्ताओं की बात सुनी जाती हो। उन्होंने दावा किया कि आने वाले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को 170 से ज्यादा सीटें मप्र में मिलेंगी। उन्होंने कहा कि 15 महीने की कमलनाथ सरकार के दौरान आम जनता ने इस बात को महसूस किया है कि 15 महीने के कांग्रेस शासन काल के दौरान अच्छे काम हुए। जयवर्धन सिंह ने कहा कि इन 15 महीना के अच्छे काम को देखते हुए उन्हें विश्वास है कि जनता आने वाले विधानसभा चुनाव में कमलनाथ जी को पूरे 5 साल का मौका देगी।

हर कार्यकर्ता को टिकट मांगने का अधिकार
जयवर्धन सिंह ने कहा कि हर कार्यकर्ता को टिकट मांगने का अधिकार है। कांग्रेस ने टिकट के लिए एक प्रक्रिया बनाई है। इसमें एआईसीसी के अलावा स्क्रीनिंग कमेटी और प्रदेश के कई वरिष्ठ नेता रहेंगे। जो जीतने वाला उम्मीदवार होगा उनके तीन नामों का पैनल बनेगा। इसमें सर्वे की रिपोर्ट भी देखी जाएगी। इसलिए कांग्रेस में किसी तरह का कोई विवाद नहीं है। उन्होंने पूर्व मंत्री और कांग्रेस के विधायक केपी सिंह द्वारा पिछोर को जिला बनाने की मांग के संदर्भ में कहा कि कांग्रेस सरकार आने के बाद उनकी इस डिमांड को पूरा करने के हर संभव प्रयास किए जाएंगे।

कार्यकर्ताओं के बीच सीधी पकड़
कांग्रेस नेता जयवर्धन सिंह इस समय ज्योतिरादित्य (महाराज के गढ़) में भाजपा के असंतुष्ट नेताओं से सीधे संपर्क कर रहे हैं और उन्हें कांग्रेस में प्रवेश ज्वाइन करवा रहे हैं। सूत्रों ने बताया है कि बीते दिनों सिंधिया खेमे में असंतुष्ट नेता बैजनाथ सिंह यादव, रघुराज सिंह धाकड़ और मूल भाजपाई रहे जितेंद्र जैन गोटू की की कांग्रेस में एंट्री कराने में महत्वपूर्व भूमिका निभाई है। जयवर्धन सिंह इस क्षेत्र में लगातार दौरे कर रहे हैं और कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह जगा रहे हैं।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *