महाराष्ट्र पुलिस ने गुटखा व्यापारी को हिरासत में लिया

बुरहानपुर ।   महाराष्ट्र की धुलिया पुलिस ने शहर के बड़े गुटखा व्यापारी विजय उर्फ विक्की टिल्लानी को हिरासत में लिया है। सोमवार दोपहर महाराष्ट्र पुलिस सिंधी बस्ती क्षेत्र में पहुंची और विक्की को अपनी हिरासत में लेकर लालबाग थाने पहुंची। अपने साथ ले गई महाराष्‍ट्र पुलिस

महाराष्‍ट्र सरकार ने प्रतिबंधित किया है गुटखा

सूत्रों के हवाले से खबर मिली है कि लंबे समय से विक्की टिल्लानी महाराष्ट्र के विभिन्न शहरों में विमल गुटखा सप्लाई कर रहा था। महाराष्ट्र सरकार ने वहां इसे प्रतिबंधित कर रखा है। सीमा से लगे होने के कारण रात के अंधेरे में बुरहानपुर से बड़ी मात्रा में चोरी छिपे विमल गुटखा महाराष्ट्र भेजा जा रहा था।

पूछताछ में सामने आया था नाम

इसकी एक बड़ी खेप गत दिनों महाराष्ट्र पुलिस ने जब्त की थी। वहां के स्थानीय व्यापारियों से पूछताछ में विक्की का नाम सामने आया था। जिसके चलते उसे ले जाया गया है। पुलिस उससे पूछताछ कर उन व्यापारियों की जानकारी जुटाएगी जो प्रतिबंधित गुटखा खरीदते हैं। दो दिन पहले भी महाराष्ट्र पुलिस सिंधी बस्ती क्षेत्र में पहुंची थी, लेकिन तब विक्की उनके हाथ नहीं लगा था।

बार्डर पर बनाए हैं गोदाम

सूत्रों का दावा है कि शहर के कई व्यापारी दूसरी सामग्री की आड़ में बड़े पैमाने पर विमल गुटखा बार्डर पार कर महाराष्ट्र पहुंचा रहे हैं। इसके लिए कुछ व्यापारियों ने महाराष्ट्र बार्डर के पास इच्छापुर क्षेत्र में गोदाम भी बना रखे हैं। इसकी जानकारी स्थानीय पुलिस को भी है, लेकिन कभी इन गोदामों में छापेमारी नहीं की गई। इससे पहले भी कई बार बुरहानपुर से महाराष्ट्र पहुंची गुटखे की खेप पकड़ी जा चुकी है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *