सूख रही फसलों को भादौ ने दी राहत, रिमझिम बारिश का दौर शुरू

सिवनी ।   इस साल सावन माह के अंतिम पखवाड़े में बारिश नहीं होने से जिले में बन रहे सूखे के हालात पर भादौ की बारिश ने पानी फेर दिया है। मंगलवार को मुख्यालय में दोपहर 12 बजे से डेढ़ बजे तक रूक-रूक कर तेज और रिमझिम बारिश हुई। वहीं धान का कटोरा कहे जाने वाले बरघाट क्षेत्र में भी करीब 10 मिनट तक तेज बारिश हुई। इसके अलावा जिले के अन्य ब्लाक में तेज और रिमझिम बारिश होने से सूख रहे फसलों को संजीवनी मिली। मंगलवार को हुई बारिश से मक्का, धान, सोयाबीन समेत अन्य सभी फसलों को फायदा मिलेगा। मानसून की बारिश थमने के कारण मक्का में जीवाणु तना सड़न रोग और इल्लियों का प्रकोप देखा जा रहा था। वहीं धान की फसल में भी ब्लास्टर रोग और जीवाणु पत्ती झुलसा रोग फैल रहा था।

उत्पादन प्रभावित नहीं होगा

कृषि वैज्ञानिकों का कहना है कि अच्छी बारिश और कीटनाशक के छिड़काव से फसलों में फैल रहे रोगों को नियंत्रित करने में किसानों को मदद मिलेगी। उत्पादन प्रभावित नहीं होगा। कृषि विज्ञान केंद्र के प्रमुख डाक्टर एनके सिंह ने बताया कि मंगलवार को हुई बारिश से सभी फसलों को फायदा मिलेगा। आने वाले एक दो दिनों में जिले के कई हिस्सों में झमाझम वर्षा की संभावना है। यदि लगातार तेज बारिश होती है तो धान की फसल को भी लाभ मिलेगा।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *