सीएम हाउस में नंद के घर आनंद भयो…जय कन्हैया लाल की गूंज

भोपाल । मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री निवास (सीए हाउस) में गुरुवार की रात नंद के घर आनंद भयो जय कन्हैया लाल की… हाथी घोड़ा पालकी जय कन्हैया लाल के जयकारों और भजनों के बीच श्रीकृष्ण जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया। जन्मोत्सव की कृष्णमय उत्सवी छटा में वृंदावन के कलाकारों ने मधुर संगीत संग बृजवंदना, भक्ति गीत, भजन और नृत्य ने सीएम हाउस के वातावरण को वृंदावन मय बना दिया। भजन गायकों और नर्तक कलाकारों ने भगवान श्रीकृष्ण की स्तुति में एक से बढक़र एक भजन प्रस्तुत किए। श्रीकृष्ण जन्मोत्सव की उत्सवी छटा में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी श्रीकृष्ण के भजन गाकर कलाकारों के सुर में सुर मिलाए। इसके पहले सीएम शिवराज ने पत्नी साधना सिंह संग भगवान श्रीकृष्ण की विधि विधान से पूजा-अर्चना की।
जन्मोत्सव के मौके पर सीएम शिवराज ने कहा है कि भगवान श्रीकृष्ण ने कहा था कि दुष्टों के संहार और धर्म की रक्षार्थ मैं बार-बार जन्म लेता रहूंगा। पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आगे बढ़ रहा है। हमारी सनातन संस्कृति हजारों साल पुरानी है। सनातन संस्कृति दुनिया को राह दिखाएगी।  उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी वसुधेव कुटुम्बकम के मूल मंत्र पर कार्य कर रहे हैं। मेरी भगवान श्रीकृष्ण से प्रार्थना है कि सब सुखी हों, सबका मंगल हो, सब निरोगी हों। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण ने कहा था कि कर्म करो, फल की इच्छा मत करो। उत्सव में केंद्रीय मंत्री भूपेन्द्र यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा और महापौर मालती राय सहित बड़ी संख्या में श्रीकृष्ण भक्त शामिल हुए। 

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *