उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार को इंदौर में, महाकाल दर्शन के लिए भी जाएंगे

इंदौर ।   उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार को इंदौर में रहेंगे। वे दोपहर 12 बजे इंदौर पहुंचेंगे। एयरपोर्ट से ही वे महाकाल दर्शन के लिए उज्जैन रवाना हो जाएंगे। योगी इंदौर में पांच घंटे से ज्यादा समय तक रहेंगे। इस दौरान वे रवींद्र नाट्य गृह में आयोजित अहिल्या उत्सव कार्यक्रम में शामिल होंगे। वे राजवाड़ा उद्यान भी जाएंगे और देवी अहिल्या की प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगे। इसके अलावा साउथ तुकोगंज स्थित श्री नाथ मंदिर भी जाएंगे। यहां उन्हें ध्वज स्तंभ का शुभारंभ करना है। मुख्यमंत्री योगी बुधवार दोपहर ठीक 12 बजे इंदौर एयरपोर्ट पर उतरेंगे। यहां से वे हेलिकाफ्टर से उज्जैन के लिए रवाना हो जाएंगे। दोपहर 2.20 बजे वे राजवाड़ा उद्यान पहुंचेगे। वे यहां करीब 10 मिनट रहेंगे। यहां से नाथ मंदिर स्थित योगी माधव राज महाराज की समाधि स्थल जाएंगे। वे यहां से छत्रपति शिवाजी महाराज प्रतिमा स्थल का लोकार्पण करने पहुंचेंगे। शाम ठीक चार बजे योगी अहिल्या उत्सव में शामिल होंगे। वे यहां करीब एक घंटा रहेंगे। शाम ठीक 5.25 बजे इंदौर से रवाना हो जाएंगे।

नगर निगम ने किया है शिवाजी प्रतिमा स्थल का निर्माण

योगी इंदौर में छत्रपति शिवाजी महाराज प्रतिमा स्थल का लोकार्पण भी करेंगे। बीआरटीएस मार्ग पर वर्ष 1970 में निर्मित उद्यान (शिवाजी वाटिका) में छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा स्थापित की गई थी। नगर निगम ने महाराज की शौर्य गाथा के प्रतीक स्वरूप उनकी प्रतिमा को किले की प्रतिकृति के समान स्मारक में पुनर्स्थापित करते हुए यहां नवनिर्माण किया है। स्मारक निर्माण के लिए रायगढ़ किला तथा महाराज द्वारा मराठा स्थापत्य शैली में निर्मित अन्य किलों की संरचना का सूक्ष्म अध्ययन किया गया है। बुर्ज एवं प्रतिमा की परिकल्पना इस प्रकार की गई है जैसे कि महाराज अश्वारूढ़ होकर युद्ध पर जाने के लिए किले के मुख्य प्रवेश द्वार से बाहर आ रहे हैं।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *