आकाशीय बिजली से 3 महिला और 1 मासूम समेत 9 लोगों की मौत

कुशीनगर। उत्तरप्रदेश के पूर्वांचल में रविवार शाम हुई बारिश और वज्रपात से 9 लोगों की मृत्यु हो गई जब‎कि एक गंभीर रुप से घायल हो गया। मृतकों में कुशीनगर से 5, गाजीपुर से 3 और अम्बेडकरनगर से एक व्य‎‎क्ति शा‎मिल है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना पर दुख व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। 
कुशीनगर में रविवार शाम को अचानक तेज बारिश के साथ आकाशीय बिजली गिरने से अलग-अलग थाना क्षेत्रों में 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतकों में 3 महिलाएं और एक मासूम नाबालिग शामिल हैं। 5 लोगों की मौत के बाद प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में डीएम उमेश मिश्र और एसपी धवल जायसवाल कप्तानगंज सीएचसी पहुंच गए। अधिकारियों ने मृतक के परिजनों से मुलाकात कर हर संभव मदद का आश्वासन दिया। डीएम उमेश मिश्र ने मुख्यमंत्री राहत कोष से मृतक के परिजनों को 4 – 4 लाख रुपए की सहायता देने की घोषणा की.
कुशीनगर में पहला मामला नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र के पचफेडा गांव का है, जहां खेत गई 50 वर्षीय सुभावती देवी , 48 वर्षीय हसिबुन निशा और 50 वर्षीय मंजू देवी की आकाशीय बिजली की चपेट में आने बेहोश हो गई। ग्रामीण तीनों को लेकर कप्तांगज सीएचसी पहुंचे जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। दूसरी घटना कप्तानगंज थाने के विशुनपुरा गांव में घटी, जहां बारिश में छत पर खेल रहे 5 वर्षीय एक बच्चे पर आकाशीय बिजली गिरने से उसकी मौत हो गई। तीसरी घटना तरयासुजान थाना क्षेत्र के बांक खास की है, जहां घर आ रहे दो व्यक्तियों पर आकाशीय बिजली गिर गई, जिसमें एक व्यक्ति की मौके पर मौत हो गई और एक अन्य झुलस गया ‎जिसे उपचार के ‎लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
उधर गाजीपुर के अलग-अलग इलाकों में आकाशीय बिजली की चपेट में आने से 3 लोगों की मौत हो गयी। जमानिया थाना क्षेत्र के रोहुणा गांव में एक किसान की मौत हुई, वहीं कसेरा पोखरा गांव में आकाशीय बिजली से युवती की मौत हुई। भांवरकोल थाना क्षेत्र के कनुआन गांव में आकाशीय बिजली गिरने से एक महिला की मौत हुई जब‎कि अम्बेडकरनगर में एक व्यक्ति की मौत हो गई।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *