तमिलनाडु में बीजेपी से एआईएडीएमके ने तोड़ा गठबंधन, अन्नामलाई का बयान बना रोडा

चेन्नई । त‎मिलनाडु में एआईएडीएमके ने भाजपा से गठबंधन तोड़ ‎दिया है। इसके पीछे अन्नामलाई का एक बयान बताया जा रहा है।  जानकारी के अनुसार द्रविड़ नेता सीएन अन्नादुरई को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के साथ बढ़ी तनातनी के बीच ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम (एआईएडीएमके) ने कहा कि उसका भाजपा के साथ अभी कोई गठबंधन नहीं है और इस विषय पर फैसला आगामी चुनावों के दौरान किया जाएगा। एआईएडीएमके ने स्पष्ट किया कि वह दिवंगत मुख्यमंत्री और अपने अन्य नेताओं का अपमान बर्दाश्त नहीं कर सकती। एआईएडीएमके ने भाजपा की तमिलनाडु इकाई के अध्यक्ष के. अन्नामलाई पर प्रहार करते हुए कहा वह केवल खुद का प्रचार करने के इच्छुक हैं और इसलिए दिवंगत द्रविड़ नेता अन्नादुरई, ईवी रामास्वामी पेरियार और एआईएडीएमके  के दिवंगत नेता एमजी रामचंद्रन (एमजीआर) और जे. जयललिता को निशाना बना रहे हैं। वहीं भाजपा ने कहा कि द्रविड़ पार्टी को अपने विकास के साथ-साथ अन्नामलाई जैसे युवा नेता के बढ़ते कद से समस्या है। गौरतलब है ‎कि एआईएडीएमके महासचिव एडप्पादी के. पलानीस्वामी द्वारा नई दिल्ली में भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात के कुछ दिन बाद यह घटनाक्रम हुआ।
एआईएडीएमके के वरिष्ठ नेता डी. जयकुमार ने अन्नादुरई की आलोचना के लिए अन्नामलाई पर निशाना साधते हुए कहा कि उनकी पार्टी के कार्यकर्ता दिवंगत मुख्यमंत्री का अपमान सहन नहीं करेंगे। अन्नामलाई ने अतीत में दिवंगत मुख्यमंत्री जयललिता सहित एआईएडीएमके नेताओं के बारे में आलोचनात्मक टिप्पणी की थी। पूर्व मंत्री ने यहां भाजपा और इसकी प्रदेश इकाई के अध्यक्ष पर निशाना साधते हुए कहा ‎कि अन्नामलाई एआईएडीएमके के साथ गठबंधन नहीं चाहते हैं, जबकि भाजपा कार्यकर्ता ऐसा चाहते हैं। क्या हमें अपने नेताओं की आलोचना बर्दाश्त करनी चाहिए। भाजपा यहां कदम नहीं रख सकती। आपको अपना वोट बैंक पता है। आप हमारी वजह से जाने जाते हैं।
इस पर रेड्डी ने कहा ‎कि अन्नामलाई एक सिद्धांतवादी नेता हैं, वह भ्रष्टाचार या गलत नीतियों के लिए झुक नहीं सकते। वह सिर्फ किसी ऐतिहासिक घटना का जिक्र कर रहे थे। उन्होंने कहा कि अन्नामलाई ने अन्नादुरई की काफी तारीफ भी की है। उन्हें भाजपा की प्रगति और पहचान तथा अन्नामलाई को युवाओं की प्रतिक्रिया पसंद नहीं है। संभवतः यह युग ऐसा है जहां हम नकली द्रविड़ विचारधारा से राष्ट्रवादी विचारधारा की ओर बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा ‎कि भाजपा की जड़ें बहुत मजबूत हो रही हैं।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *