कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े बोले- कांग्रेस नेताओं के जहां दौरे होते हैं, वहां ईडी-आईटी के छापे पड़ते हैं

बलौदाबाजार । कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े ने महिला आरक्षण बिल को जुमला बताया है। उन्होंने कहा कि जहां कांग्रेस नेताओं के दौरे होते हैं, वहां ईडी-आईटी के छापे पड़ते हैं। हमें डरना नहीं, लडऩा है। डर गए तो समझो मर गए। देखते हैं कितना सताते हैं। खडग़े ने आगे कहा कि कांग्रेस हर काम दिल से करती है, 2024 में भाजपा को सबक सिखाना ही होगा। भाजपा के लोग संविधान खत्म करना चाहते हैं। खडग़े ने ये बात बलौदाबाजार में आयोजित कृषक सह श्रमिक सम्मेलन में कही।
खडग़े ने कहा कि मोदी जी महिलाओं को आरक्षण आज नहीं दे रहे हैं। 2024 को नहीं दे रहे, 2029 को नहीं दे रहे, 2034 को देंगे। तब तक न वो रहेंगे और न हम। लोगों को 15 लाख रुपए अब तक नहीं मिला, किसानों की आय दोगुनी नहीं हुई, ये सब एक जुमला था, महिला आरक्षण भी एक जुमला है। कांग्रेस नेताओं के जहां दौरे होते हैं, वहां ईडी और आईटी के छापे पड़ते हैं। आप सभी लोगों को 2024 में भाजपा को सबक सिखाना ही होगा। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने कश्मीर से कन्याकुमाारी तक पैदल यात्रा करके देश को जोडऩे का काम किया। भाजपा के लोग हाथी के दांत के जैसे, खाने और दिखाने के और।
उन्होंने कहा कि ओबीसी की जनगणना हो ये हम चाहते हैं। बैकवर्ड क्लास के लोगों को भी महिला आरक्षण का लाभ मिलना चाहिए। जनगणना हुआ, तो कौन कितने हैं, आजादी के बाद किसके पास क्या-क्या है, कितनी नौकरियां हैं, कितने पढ़े लिखे लोग हैं, कितने खेती करते हैं, किसके पास कितनी जमीनें हैं, ये सब बाहर आ जाएगा। मिनी माता पहली महिला लोकसभा सांसद बनीं, पहली महिला कांग्रेस की अध्यक्ष सरोजनी नायडू कांग्रेस की थीं, प्रतिभा पाटिल को राष्ट्रपति बनाया। भाजपा के लोग सिर्फ कांग्रेस की नकल करते हैं। देश में जहां भी बड़े काम होते हैं, वहां राष्ट्रपति को शामिल नहीं करते, सिर्फ प्रधानमंत्री मोदी जाते हैं। नई संसद भवन की नींव रखते समय भी अनदेखी की गई। उन्होंने कहा कि 19 लाख किसानों का कृषि लोन माफ हुआ, 5 लाख 63 हजार भूमिहीन कृषि मजदूरों 7 हजार रुपए लगातार दूसरे साल सहायता राशि दी गई। 5 लाख 16 हजार आदिवासियों को 101 लाख एकड़ वन भूमि पर अधिकार दिलाया। स्वामी इंग्लिश मीडियम स्कूल बनाएं। 8 नए मेडिकल कॉलेज भी यहां बनाए गए, जिसका फायदा मिलना शुरू हो गया।
उन्होंने कहा कि महिलाओं के लिए जो कानून लाया वो नया नहीं है। राजीव गांधी ने 73-74 संशोधन लाकर महिलाओं को आरक्षण दिया था। राजीव गांधी ने 33 प्रतिशत रिजर्वेशन जब लाया था, तब भाजपा ने इसका विरोध किया था। भाजपा आज छाती ठोक कर कहती है, ये हमने किया। महिलाओं को इसका लाभ भाजपा अभी नहीं देने वाली। 2024, 2029 का इलेक्शन निकल जाएगा। इससे पहले खडग़े ने मुख्यमंत्री निर्माण श्रमिक पेंशन सहायता योजना की शुरुआत की। उन्होंने 266 करोड़ से ज्यादा के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। इसके अलावा राजीव गांधी किसान न्याय योजना, राजीव गांधी भूमिहीन कृषि मजदूर न्याय योजना के हितग्राहियों के खाते में राशि ट्रांसफर की।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *