आदिवासी बहुल मंडला पहुंचने वाली हैं प्रियंका गांधी, पांच सीटों पर नजर

मंडला ।  कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा आज मध्य प्रदेश के आदिवासी बहुल मंडला जिले के रामनगर क्षेत्र से विधानसभा चुनाव प्रचार का आगाज करेंगी। जहां से वे जन आक्रोश सभा को संबोधित करेंगी। चुनाव की घोषणा होने के बाद प्रियंका की यह मध्य प्रदेश में पहली सभा है।

चौगान की मढ़‍िया में पूजा करेंगी

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सह प्रभारी संजय कपूर ने बताया कि प्रियंका गांधी वाड्रा मंडला सुबह लगभग 11 बजे पहुंचेंगी। वे रामनगर क्षेत्र के चौगान की मढ़‍िया में पूजा करेंगी और 11:30 बजे आमसभा को संबोधित करेंगी। लगभग 2:00 बजे वे दिल्ली के लिए वापस प्रस्थान करेंगी।

रामनगर गोंडकालीन ऐतिहासिक राजधानी है यही कारण कि जन आक्रोश सभा का निर्णय लिया

रामनगर में सभा स्थल का चयन किए जाने के कारणों के बारे में बताते हुए संजय कपूर ने बताया कि रामनगर गोंडकालीन ऐतिहासिक राजधानी है और यह सभा भी ऐतिहासिक होने जा रही है। यही कारण है कि जिले के सबसे महत्वपूर्ण स्थान से उन्होंने जन आक्रोश सभा को संबोधित करने का निर्णय लिया है।

सभा में प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कमल नाथ, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, पूर्व मंत्री एवं विधायक तरुण भनोट, पूर्व मंत्री, विधायक व सीडब्ल्यूसी सदस्य कमलेश्वर पटेल, पूर्व मंत्री ओंकार सिंह मरकाम, अरुण पचौरी समेत संगठन के मंत्री व पदाधिकारी शामिल होंगे।

पांच विधानसभाओं को साधने की कोशिश

गौरतलब है कि मंडला जिले की तीनों विधानसभाएं मंडला, निवास और बिछिया आदिवासी बहुल हैं। इसके अलावा डिंडौरी जिले की डिंडौरी और शाहपुरा विधानसभा भी आदिवासी बहुल हैं। वर्ष 2018 के विधानसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस को मंडला और डिंडौरी जिले में अच्छी सफलता मिली और डिंडौरी की दोनों सीटों पर कांग्रेस का कब्जा हुआ।

मंडला जिले की तीन विधानसभा में से दो पर कांग्रेस ने अपना कब्जा जमाया। इस तरह मंडला-डिंडौरी जिले की पांच विधानसभा में से चार विधानसभाओं में कांग्रेस ने जीत हासिल की। यही कारण है कि प्रियंका वाड्रा के रामनगर दौरे को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि यह सभा मंडला-डिंडौरी जिले की पांचों विधानसभाओं को साधने के उद्देश्य से हो रही है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *