कांग्रेस ने पहली सूची में साधे सभी समीकरण

भोपाल । नवरात्रि के पहले दिन कांग्रेस ने 144 प्रत्याशियों की पहली सूची जारी कर दी। इस सूची के माध्यम से कांग्रेस ने सारे समीकरणों का साधने की कोशिश की है। सूची में जहां 69 विधायकों को टिकट देकर जीत की बुनियाद को मजबूत किया है, वहीं वरिष्ठों को भी मौका दिया है। साथ ही सूची में सोशल इंजीनियरिंग का भी ध्यान रखा गया है।
कांग्रेस ने पार्टी के वरिष्ठ और रणनीतिकार नेताओं को भी पहली सूची में महत्व दिया है। प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ छिंदवाड़ा से चुनाव लड़ रहे हैं। नेता प्रतिपक्ष डॉ गोविंद सिंह लहार से पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह राहुल भैया चुरहट से चुनाव मैदान में हैं। पार्टी ने बिना कोई संकोच किए पहले ही सूची में प्रदेश के प्रमुख नेताओं को टिकट दे दिए हैं। इनमें बाला बच्चन जीतू पटवारी, कमलेश्वर पटेल, तरुण भनोट, जयवर्धन सिंह, विक्रांत भूरिया आदि सभी के नाम शामिल हैं। कांग्रेस के 144 घोषित प्रत्याशियों में से ओबीसी वर्ग के 39 प्रत्याशी, अनुसूचित जाति के 22 प्रत्याशी और आदिवासी वर्ग के 30 प्रत्याशी शामिल हैं। अल्पसंख्यक वर्ग के 6 प्रत्याशी शामिल हैं। पार्टी ने 19 महिलाओं को टिकट दिया है। 144 में से 65 प्रत्याशी ऐसे हैं जिनकी उम्र 50 वर्ष से कम है।
कांग्रेस ने पहले ही सूची में नवरात्रि के शुभ दिनों में मुख्यमंत्री फेस कमलनाथ और पिछली सरकार में मंत्री रहे नेताओं के टिकट जारी कर स्पष्ट कर दिया कि पार्टी आक्रामक मुद्रा में है। कमलनाथ छिंदवाड़ा से चुनाव लड़ रहे हैं। लगातार चर्चा थी की कमलनाथ विधानसभा का चुनाव नहीं लड़ेंगे। जबलपुर से पूर्व मंत्री तरुण भनोट भाजपा सांसद और पूर्व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह के सामने मैदान में उतारे गए हैं। पहली सूची को गौर से देखें तो कांग्रेस पार्टी ने अपने ज्यादातर विधायकों पर भरोसा जताया है और उन्हें फिर से टिकट दिया है। प्रत्याशी सूची से स्पष्ट है कि कांग्रेस पार्टी ने सर्वे आधार पर ही 144 प्रत्याशियों को टिकट दिए हैं। उम्मीद की जा रही है कि अगले तीन-चार दिन में कांग्रेस पार्टी की दूसरी सूची भी आ जाएगी। मध्य प्रदेश में 17 नवंबर को मतदान होना है और 3 दिसंबर को मतगणना होगी।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *