चुनाव आयोग की सख्ती,दशहरे पर शस्त्र पूजन में आड़े आ रही आचार संहिता

इंदौर ।   चुनाव आचार संहिता के कारण शहर के पुलिस थानों में 18 अक्टूबर तक शस्त्र जमा करवाने के निर्देश जारी किए हैं। दशहरे पर कई लोग अपने घरों पर शस्त्र पूजन करते है। ऐसे में इस बार कई लोग दशहरे पर अपने घरों में शस्त्र पूजन नहीं कर पाएंगे। यही वजह है कि कई लोग जिला प्रशासन से दशहरे के बद शस्त्र जमा करवाने की मांग कर रहे हैं।उल्लेखनीय है कि दशहरे से पहले नामांकन की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। यही वजह है कि जिला प्रशासन व पुलिस द्वारा किसी भी हालत में 18 अक्टूबर तक शस्त्र जमा करवाने की कार्रवाई की जाएगी। हालांकि बैंक और औद्योगिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा में कार्यरत पुलिस व सुरक्षा बल के अन्य लोगों को शस्त्र जमा करवाने से छूट मिलेगी।

जिला स्तरीय स्क्रीनिंग कमेटी के पास पहुंच रहे आवेदन

वर्तमान में जिला स्तरीय स्क्रीनिंग कमेटी शस्त्र लाइसेंस की छूट के संबंध में फिलहाल 70 आवेदन पहुंचे हैं। स्क्रीनिंग कमेटी में जिला प्रशासन के अलावा पुलिस विभाग के अधिकारी भी मौजूद है। वे आवेदकों के कारण को देखने-परखने के बाद उन्हें शस्त्र लाइसेंस रखने की छूट देंगे।

इन्हें शस्त्र जमा करवाने से मिलेगी छूट

न्यायाधीश, बैंकों के सुरक्षा गार्ड, सुरक्षा एवं चुनाव कार्य में लगे राजस्व एवं पुलिस अधिकारी, सुरक्षा बल, अर्द्धसैनिक बल, पुलिस बल, नगर सैनिक बल, विशिष्ट व्यक्तियों, अधिकारियों एवं प्रत्याशी की सुरक्षा में लगे पुलिस बल व शासकीय बल।

16 तक आवेदन करने पर इन्हें मिलेगी छूट

निजी बैंक, औद्योगिक संस्थानों में सुरक्षा के लिए तैनात सुरक्षा दल अथवा सुरक्षाकर्मियों को 16 अक्टूबर तक आवेदन जिला स्तरीय स्क्रीनिंग कमेटी के समक्ष पेश करना होगा। कमेटी इसके पश्चात ही इन आवेदनों पर निर्णय लेगी।

18 तक सभी लाइसेंसधारकों को थानों में जमा करवाना होंगे शस्त्र

शहर में लगभग 11500 लोगों को शस्त्र लाइसेंस दिए गए हैं। 18 अक्टूबर तक सभी लाइसेंसधारकों को पुलिस थानों में शस्त्र जमा करवाने होंगे। चुनाव की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस विभाग के अफसरों ने अकारण किसी को छूट नहीं देने का प्रविधान किया है। बैंक, सुरक्षा कार्य के अलावा अन्य विशेष कार्य में जुटे लोगों को शस्त्र लाइसेंस के लिए आवेदन करना होगा। जिला स्तरीय स्क्रीनिंग कमेटी उनके आवेदनों का परीक्षण कर विशेष परिस्थिति में ही छूट देगी।

-सपना एम लोवंशी, अपर कलेक्टर

कलेक्टर से करेंगे मांग

हमारी मांग है कि दशहरा राजपूतों का परंपरागत पर्व है। इसमें राजपूत समाज के लोग शस्त्र पूजन करते हैं। इस वर्ष आचार संहिता के कारण प्रशासन द्वारा शस्त्र जमा करवाने का दबाव बनाया जा रहा है। हम सोमवार को कलेक्टर से मिलकर यह मांग करेंगे कि शस्त्र जमा करने की अवधि बढ़ाई है।

-दीपेन्द्र सिंह सोलंकी, अध्यक्ष, अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा इंदौर

समयावधि बढ़ाने की मांग करेंगे

दशहरे पर हम प्रतिवर्ष शस्त्र पूजन की परंपरा को निभाते आ रहे हैं। इस वर्ष चुनाव आचार संहिता के कारण शस्त्र जमा करने की बाध्यता है। हम प्रशासन से बात करेंगे कि शस्त्र जमा करने की समयावधि बढ़ाई जाए। समयावधि नहीं बढ़ाई गई तो दुर्गा पूजन के दौरान शस्त्र की प्रतिकृति रखकर पूजन करेंगे।

-कौशल प्रताप सिंह चौहान, सचिव, राजपूत क्लब

देवी प्रतिमा के समक्ष तलवार व त्रिशूल का ही करेंगे पूजन

नवदुर्गा पंडालों में हमे देवी प्रतिमा के समक्ष तलवार व त्रिशूल का पूजन हर वर्ष की तरह इस बार भी करेंगे। लाइसेंस धारी बंदूके चुनाव के कारण जमा करवानी है। इस वजह से इस बार पूजन में ये शस्त्र नहीं रहेंगे।

-रवि कसेरा, प्रांत सहप्रचार प्रमुख, विश्व हिंदू परिषद, इंदौर

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *