महिलाओं का विकास सरकार की प्राथमिकताओं में है :सीएम योगी  

हाथरस । यूपी के सीएम योगी ने कहा कि महिलाओं का विकास सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। सेठ फूल चंद बांग्ला पीजी कॉलेज में नारी शक्ति वंदन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने 177.29 करोड़ की 214 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास किया।
सीएम योगी ने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ गरीबों को मिल रहा है। गांव, गरीब, किसान, नौजवान और महिलाएं डबल इंजन की सरकार के एजेंडे में हैं। पिछले साढ़े 9 साल में हमने नए भारत का दर्शन किये हैं। जिसमें जाति, धर्म और लिंग के आधार पर कोई भेदभाव नहीं हुआ है। महिलाओं की भागीदारी को सुनिश्चित कर उनको आगे लाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अब प्रदेश में दंगे बंद हो गए हैं। खुशी के साथ यहां त्यौहार मनाए जा रहे हैं। साढ़े 9 वर्षों में देश को बदलते और साढ़े 6 वर्ष में प्रदेश में परिवर्तन आया है। आज हम प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में एक नए भारत के दर्शन कर रहे हैं।
सीएम ने कहा कि आज के भारत में जाति, मत, मजहब, क्षेत्र, भाषा या लिंग के आधार पर किसी के साथ कोई भेदभाव नहीं होता। अब सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास की भावना के साथ कार्य किये जा रहे हैं। जिन्हें विशेष प्रोत्साहन दिए जाने की आवश्यकता है उनके लिए नई-नई योजनाएं बन रही हैं। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार की सोच विकास की है। इसीसे सरकार सड़क, पेयजल, स्टेडियम सहित अपने तमाम कार्यक्रम को आगे बढ़ा रही है। उन्होंने कहा कि हम चाहते हैं कि जैसे एशियाई खेलों में पश्चिमी यूपी की बेटियों ने कमाल किया। वैसे ही हाथरस में भी बेटियां आगे बढ़ें। हमारी सरकार ने यह तय किया है कि एशियाई खेलों में गोल्ड मेडल लेकर आने वाली बेटियों को हम डिप्टी एसपी बनाएंगे। सीएम योगी ने कहा कि बेटा और बेटी में कोई भेदभाव न हो इसके लिए मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना के तहत मिलने वाली धन राशि को हमारी सरकार ने बढ़ा दिया है। इसके तहत मिलने वाली 15 हजार की राशि हमने 25 हजार कर दी है। कार्यक्रम में भाजपा अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी, महिला कल्याण बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग की मंत्री बेबी रानी मौर्य, समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण, हाथरस सांसद, राजवीर सिंह, राज्यसभा सांसद गीता शाक्य, जिला पंचायत अध्यक्ष सीमा उपाध्याय सहित भारी संख्या में जनपद और उसके आस-पास की महिलाएं उपस्थित थीं। 

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *