तमिल इंडस्ट्री में डेब्यू को लेकर उत्साहित हैं विजय वर्मा, साझा किया पोस्ट

अभिनेता विजय वर्मा बॉलीवुड के बाद अब तमिल सिनेमा में अपने अभिनय का जलवा बिखेरते नजर आएंगे। जल्द ही उन्हें 'सूर्या 43' में देखा जा सकेगा। यह विजय की पहली तमिल फिल्म है, जिसमें वह सूर्या शिवकुमार और दुलकर सलमान के साथ नजर आएंगे। अपनी पहली तमिल फिल्म को लेकर विजय वर्मा बेहद उत्साहित हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए अपनी खुशी साझा की है। 

इंस्टाग्राम पर साझा किया पोस्ट

बता दें कि यह फिल्म तमिल सुपरस्टार सूर्या की 43वीं फिल्म है, इसलिए फिलहाल इसे अस्थाई रूप से 'सूर्या 43' कहा जा रहा है। इसका निर्देशन सुधा कोंगारा कर रहे हैं। हाल ही में विजय ने इस फिल्म का अनाउंसमेंट मोशन पोस्टर अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर किया और लिखा, 'मेरी पहली तमिल फिल्म….इससे बेहतर टीम नहीं हो सकती। मैं बहुत ज्यादा उत्साहित हूं'।

यूजर्स ने किया जोरदार स्वागत!

इसके अलावा विजय वर्मा ने आगे लिखा, 'बेहद प्रतिभाशाली लोगों के साथ 'सूर्या 43' का हिस्सा बनकर बेहद खुश हूं। इसे शानदार बनाने की कोशिशों में जुटे हैं'। विजय वर्मा ने जैसे ही अपनी इस नई फिल्म को लेकर सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा किया, यूजर्स ने कमेंट की झड़ी लगा दी। साथ ही इंडस्ट्री के तमाम लोग भी विजय को बधाई दे रहे हैं। एक यूजर ने लिखा, 'तमिल सिनेमा इंडस्ट्री में आपका स्वागत है।' एक अन्य यूजर ने लिखा, 'साउथ में स्वागत है।' एक ने लिखा, 'यह तो बेस्ट न्यूज है। आप, सूर्या और दुलकर…वो भी एक साथ…जरूर धमाल होने वाला है।'

इन प्रोजेक्ट्स में नजर आएंगे विजय

बता दें कि सूर्या शिवकुमार ने गुरुवार को अपने नए प्रोजेक्ट 'सूर्या 43' का एलान किया था। फिल्म में विजय, सूर्या और दुलकर सलमान के साथ-साथ नजरिया नजीम भी अहम रोल में हैं। विजय के अलावा दुलकर ने भी सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए इस प्रोजेक्ट में काम करने की खुशी जताई। बता दें कि सूर्या इससे पहले वर्ष 2020 में आई और सुधा कोंगारा के निर्देशन में बनी 'सोरारई पोटरू' फिल्म में भी काम कर चुके हैं। इसके लिए सूर्या को बेस्ट एक्टर का नेशनल अवॉर्ड भी मिला। विजय वर्मा के वर्क फ्रंट की बात करें तो आखिरी बार वह फिल्म 'जाने जां' में करीना कपूर के साथ नजर आए थे। अब वह जल्द ही होमी अदजानिया की 'मर्डर मुबारक' में नजर आएंगे। इसमें सारा अली खान, करिश्मा कपूर, डिंपल कपाड़िया और जान्हवी कपूर भी नजर आएंगी। इसके अलावा 'मिर्जापुर 3' भी विजय की झोली में है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *