ऑनलाइन बेचे जा रहे हैं हिंदू देवियों के आपत्तिजनक पोस्टर

नई दिल्ली । दिल्ली महिला आयोग ने रविवार को दिल्ली पुलिस को एक नोटिस जारी किया है। जिसमें हिंदू देवी-देवताओं की कथित आपत्तिजनक तस्वीरें ऑनलाइन बेचने वाले व्यक्ति को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है। डीडब्ल्यूसी प्रमुख स्वाति मालीवाल ने कहा कि एक शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि कुछ लोग इंटरनेट पर हिंदू देवताओं के आपत्तिजनक और अश्लील फोटो बेच रहे हैं।
उन्होंने अपने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर एक वीडियो शेयर कर कहा, हमे एक शिकायत मिली कि एक आदमी पैसे लेकर हिंदू देवी-देवताओं की फोटोशॉप से बनाई आपत्तिजनक एवं अश्लील तस्वीरें लोगों को बेचता है। इस घिनौनी और बेशर्मी की हदें पार करने वाली हरकत करने वाले आदमी को तुरंत गिरफ़्तार करने के लिए पुलिस को नोटिस भेजा है। इस आदमी को छोड़ेंगे नहीं! दिल्ली महिला आयोग के मुताबिक, शिकायतकर्ता ने बताया कि उन्हें अनचाहे ईमेल मिल रहे थे जिनमें हिंदू देवी-देवताओं की अश्लील और अपमानजनक तरीके से चित्रित नमूना तस्वीरें थीं।
डीडब्ल्यूसी चीफ स्वाति मालीवाल ने दिल्ली पुलिस को नोटिस जारी कर मामले में की गई कार्रवाई पर रिपोर्ट मांगी है। उन्होंने मामले में गिरफ्तार आरोपियों के डिटेल और इंटरनेट से कंटेंट को हटाने के लिए दिल्ली पुलिस द्वारा उठाए गए कदमों के विवरण के साथ एफआईआर की एक कॉपी मांगी है। मालीवाल ने अपने बयान में कहा, ‘यह कृत्य बेहद अपमानजनक है और इससे धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचने और समूहों के बीच दुश्मनी पैदा होने की संभावना है। यह एक बहुत ही गंभीर मामला है। तुरंत एफआईआर दर्ज की जानी चाहिए और आरोपी को गिरफ्तार किया जाना चाहिए। आपत्तिजनक सामग्री को तुरंत इंटरनेट से हटा दिया जाना चाहिए।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *