दीपावली और छठ पर घर पहुंचाने वाले ड्राइवर-कंडक्टर को यूपीएसआरटीसी प्रोत्साहन राशि देगी  

लखनऊ । दीपावली और छठ पर योगी सरकार ने प्रदेश में 10 नवंबर से 20 नवंबर के बीच अतिरिक्त बसें चलाने का निर्णय लिया है। इस दौरान यूपी सड़क परिवहन निगम के जो बस चालक और परिचालक लगातार सेवाएं देंगे सरकार ने उनके लिए प्रोत्साहन राशि की घोषणा की है। यह प्रोत्साहन योजना 10 से 20 नवंबर के बीच लागू रहेगी।
दीपावली, भाई दूज और छठ जैसे त्योहारों के दौरान परिवहन निगम ने सभी चालक, परिचालकों के साथ ही अधिकारियों और उपाधिकारियों की छुट्टी रद्द कर दी है। उल्लेखनीय है कि दीपावली, भैया दूज और छठ पर गाजियाबाद, दिल्ली एवं पश्चिमी क्षेत्रों से 60 प्रतिशत से अधिक यात्री लोड मिलता है। इसके अलावा अन्य राज्यों व शहरों से लोग अपने घरों के लिए और त्योहार के बाद घरों से वापस अपने कार्यस्थल के लिए प्रस्थान करते हैं। उन्हें उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए चालक और परिचालकों को प्रोत्साहित करने के लिए यूपीएसआरटीसी की ओर से इसकी शुरुआत की गई है।
उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम के प्रबंध निदेशक मासूम अली सरवर ने बताया कि संविदा और आउटसोर्सिंग के चालक और परिचालक कम से कम 10 दिनों तक निर्धारित औसत किलोमीटर का संचालन करते हैं तो उन्हें 350 प्रतिदिन की दर से एक साथ 3 हजार 500 रुपये विशेष प्रोत्साहन का भुगतान किया जाएगा। प्रोत्साहन अवधि में औसतन 300 किलोमीटर बस संचालन करना होगा। यदि कर्मचारी 11 दिन की प्रोत्साहन अवधि तक हर रोज ड्यूटी करते हैं और किलोमीटर के मानक पूरे करते हैं तो उन्हें 4 सौ रुपये प्रतिदिन के हिसाब से 4 हजार 400 रुपए देय होंगे।
संविदा और आउटसोर्सिंग चालक परिचालकों को प्रोत्साहन अवधि में निर्धारित मानक से अधिक किलोमीटर अर्जित करने पर अतिरिक्त किलोमीटर पर 55 पैसे प्रति किलोमीटर की दर से अतिरिक्त मानदेय दिया जाएगा। 11 दिन लगातार ड्यूटी करने वाले डिपो कार्यशाला और क्षेत्रीय कार्यशाला में कार्यरत कर्मचारी और निगम से जुड़े आउटसोर्स कर्मचारी भी इसमें शामिल होंगे। इन्हें एकमुश्त 1800 रुपए और इस अवधि में 10 दिन ड्यूटी करने वाले कार्यशाला कर्मचारियों को एक मुश्त 1500 रुपए प्रोत्साहन मिलेगी। रीजन के क्षेत्रीय प्रबंधक को 10 हजार और सेवा प्रबंधक को 5 हजार की स्वीकृति प्रदान की गई है। इसका वितरण क्षेत्रीय समिति की संस्तुति के अनुसार प्रोत्साहन अवधि में उत्कृष्ट कार्य करने वाले क्षेत्र के कर्मचारियों और उपाधिकारियों में वितरित करेंगे। डिपो के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक को 50 रुपए प्रति निगम और अनुबंध बस के आधार पर गणना करके धनराशि दी जाएगी जिसे वह अपने पास नहीं रखेंगे। वह डिपो के उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारी और उपाधिकारियों में वितरित करेंगे। प्रोत्साहन अवधि में क्षेत्रीय और डिपो स्तर पर सर्वाधिक आय प्रति वर्ष प्राप्त करने वाले तीन क्षेत्रों के क्षेत्रीय प्रबंधक और सेवा प्रबंधक के साथ 10 डिपो के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक को निगम प्रबंधन की तरफ से प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाएगा। चिन्हित बस स्टेशनों के लिए प्रोत्साहन के मद में तैनात कर्मचारी पर्यवेक्षकों को धनराशि उपलब्ध कराई जाएगी। 5 हजार रुपए प्रति बस स्टेशन की दर से कुल एक लाख रुपए परिवहन निगम ने स्वीकृत किए हैं।
प्रदेश के जिन बस स्टेशंस में यात्री लोड अधिक है वहां उपलब्धता को देखते हुए बसों के सुव्यवस्थित संचालन के लिए अधिकारियों के अतिरिक्त कर्मचारियों, उपाधिकारियों की राउंड द क्लॉक ड्यूटी लगाई जाएगी। इन बस स्टेशंस में कौशाम्बी डिपो, आनंद बिहार, सरायं काले खां, व कश्मीरी गेट दिल्ली के अलावा, मुरादाबाद, कटघर, भैसाली, सोहराबगेट, बरेली, सेटेलाइट, कैसरबाग, आलमबाग, चारबाग, कमता, सहारनपुर, आईएसबीटी आगरा, मसूदाबाद, झकरकटी कानपुर और इटावा प्रमुख हैं। दिल्ली में सहारनपुर व आगरा क्षेत्र द्वारा भी बेहतर व्यवस्था के लिए कर्मचारी तैनात किए जाएंगे। 

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *