भारत का विदेशी मुद्रा भंडार 46.2 करोड़ डॉलर घटा 

मुंबई । भारत का विदेशी मुद्रा भंडार 10 नवंबर को समाप्त सप्ताह के दौरान 46.2 करोड़ डॉलर कम होकर 590.32 अरब डॉलर रह गया। भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने यह जानकारी दी। इससे पिछले सप्ताह देश का कुल मुद्रा भंडार 4.67 अरब डॉलर बढ़कर 590.78 अरब डॉलर पर पहुंच गया था। अक्टूबर, 2021 में देश का विदेशी मुद्रा भंडार 645 अरब डॉलर के सर्वकालिक उच्चतम स्तर पर पहुंचा था लेकिन पिछले साल वैश्विक घटनाक्रम से पैदा हुए दबाव के बीच आरबीआई ने रुपए की विनिमय दर में गिरावट को रोकने के लिए इस पूंजी भंडार का उपयोग किया था, जिससे विदेशी मुद्रा भंडार में कमी आई। रिजर्व बैंक के साप्ताहिक आंकड़ों के अनुसार 10 नवंबर को समाप्त सप्ताह में विदेशी मुद्रा भंडार का जरुरी हिस्सा विदेशी मुद्रा आस्तियां 10.8 करोड़ डॉलर बढ़कर 522 अरब डॉलर से अधिक हो गई। डॉलर में अभिव्यक्त की जाने वाली विदेशी मुद्रा आस्तियों में यूरो, पाउंड और येन जैसी गैर-अमेरिकी मुद्राओं में घट-बढ़ के प्रभावों को भी शामिल किया जाता है। स्वर्ण भंडार का मूल्य 60.8 करोड़ डॉलर घटकर 45.51 अरब डॉलर रह गया। आंकड़ों के अनुसार विशेष आहरण अधिकार (एसडीआर) 3.6 करोड़ डॉलर बढ़कर 18.01 अरब डॉलर हो गया। आलोच्य सप्ताह में अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) के पास रखा देश का मुद्रा भंडार 30 लाख डॉलर बढ़कर 4.79 अरब डॉलर हो गया।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *