भाजपा ने रविवार देर रात विजय जुलूस निकालकर जीत का जश्न मनाया

भोपाल ।  हुजूर विधानसभा क्षेत्र में शामिल बैरागढ़ में कांग्रेस का संगठन लगातार कमजोर होता जा रहा है। इस विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस ने इस क्षेत्र के तीन नेताओं को प्रदेश सचिव बनाया। एक प्रदेश प्रवक्ता भी इसी ब्लाक से हैं, लेकिन कोई भी अपनी पार्टी के उम्मीदवार को अपने बूथ से नहीं जिता सका।

सभी वार्डों में कांग्रेस पस्त

हुजूर क्षेत्र का सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा माने जाने वाले बैरागढ़ जोन क्षेत्र में नगर निगम के छह वार्ड हैं। यह पहला मौका है, जब सभी छह वार्डो में कांग्रेस को बुरी तरह हार का सामना करना पड़ा है। वार्ड पांच में जहां से ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष अशोक मारण पार्षद हैं। वे अपने वार्ड से भी पार्टी के उम्मीदवार नरेश ज्ञानचंदानी को नहीं जिता पाए। पिछले चुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार को बढ़त मिली थी, इस बार पार्टी को बुरी तरह पिछड़ना पड़ा।

प्रदेश सचिव कुछ नहीं कर सके

तीन-तीन प्रदेश सचिव अपने इलाके में पार्टी उम्मीदवार के लिए कुछ खास नहीं कर सके। प्रदेश प्रवक्ता भी वोट नहीं दिला सके। गांधीनगर जैसे कांग्रेस के वर्चस्व वाले क्षेत्र में भी पार्टी को इस बार अपेक्षित वोट नहीं मिल सके हैं। इसके विपरीत भाजपा के बड़े से छोटे कार्यकर्ताओं ने बूथ स्तर पर रणनीति बनाकर अपने उम्मीदवार रामेश्वर शर्मा की तीसरी बार जीत सुनिश्चित कर दी।

भाजपा ने मनाया जश्न

भाजपा ने रविवार देर रात विजय जुलूस निकालकर जीत का जश्न मनाया। जिला उपाध्यक्ष राम बंसल एवं मंडल अध्यक्ष कमल वीधानी ने इस जीत का श्रेय रामेश्वर के विकास कार्य एवं कार्यकर्ताओं के परिश्रम को दिया। भाजपा ने इस बार बूथ प्रभारियों के साथ ही प्रत्येक बूथ पर पेज प्रभारी भी बनाया। प्रत्येक मतदाता के घर तक पहुंचने की रणनीति कामयाब रही। इसके विपरीत कांग्रेसी घर-घर पर्ची वितरण भी नहीं कर सके।
 

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *