पत्नी को अमेरिका में किया प्रताड़ित, घर से निकाला 2005 में हुआ था विवाह

जबलपुर ।   एक शादीशुदा भारतीय इंजीनियर का अमेरिका तबादला हुआ तो वह अपने साथ पत्नी को भी ले गया। वहां उसे प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। यही नहीं घर से निकाल दिया। दोनों बच्चों से मिलना दूभर कर दिया। पत्नी किसी तरह अमेरिका से अकेली भारत लौटी। फिलहाल, वह मायके में रह रही है। गुरुवार को उसे पता चला कि पति भारत आया है और उसे तलाक दिए बिना दूसरी शादी कर रहा है। यह पता चलते ही महिला स्वजनों के साथ शुक्रवार को अधारताल थाने पहुंची। पहले तो पुलिस ने आरोपित पति के विरुद्ध प्रकरण दर्ज किया और फिर उसके घर पहुंची। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

2005 में हुआ था विवाह

अधारताल पुलिस ने बताया कि विदिशा के वार्ड क्रमांक 30 शेरापुर निवासी शैली श्रीवास्तव (43) का विवाह 16 फरवरी 2005 को महाराजपुर पुनीत नगर हाउसिंग बोर्ड कालोनी निवासी अमन श्रीवास्तव से हुआ था। पेशे से इंजीनियर अमन की उस वक्त पोस्टिंग भोपाल में थी। शैली पति के साथ रहने भोपाल चली गई। वहां से पांच माह बाद अमन का ट्रांसफर नोएडा फिर बैंगलुरु और फिर नोएडा हो गया। इस दौरान शैली ने बेटे अरनब को जन्म दिया, जो वर्तमान में 14 साल का है। जबकि बेटी एसनी 12 साल की है।

ससुराल भेजा, लेने आए

अमन का ट्रांसफर अमेरिका कर दिया गया। अमन नोएडा से अमेरिका चला गया और शैली को अधारताल स्थित ससुराल भेज दिया। शैली यहां रही। लगभग सात माह बाद अमन पत्नी को लेकर अमेरिका चला गया। वहां शैली ने बेटी को जन्म दिया। लेकिन इसके बाद से अमन द्वारा शैली को प्रताड़ित किया जाने लगा। दहेज की मांग की जाने लगी। पति दूसरी शादी की धमकी देने लगा।

घर से भगाया, तो भाई के यहां रुकी

अमेरिका में रहने के दौरान नीरज ने पत्नी शैली को 23 नवम्बर 2019 में घर से भगा दिया। उस वक्त शैली की मौसी का बेटा भी अमेरिका में था। शैली मौसी की बेटे के पास रहने लगी। कुछ समय बाद टिकट के रुपयाें की व्यवस्था होने के बाद शैली भारत लौटी और विदिशा स्थित अपने मायके पहुंची।

बच्चाें तक से नहीं दिया मिलने

पुलिस के अनुसार अमन ने बच्चों को अपने पास अमेरिका में ही रख लिया था। वह न तो शैली को बच्चों से बातचीत करने देता था और न ही मिलने देता था।

बिना तलाक कर रहा था शादी

कुछ दिनों पूर्व अमन अपने घर वापस लौटा। शैली को तलाक दिए बगैर वह शनिवार को दूसरा विवाह कर रहा था। इसकी जानकारी लगते ही शैली और परिजन जबलपुर पहुंचे और अधारताल थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। इसके बाद पुलिस अमन के घर पहुंची। जहां हंगामा चलता रहा।

इनका कहना 

शैली की रिपोर्ट पर पति अमन के विरुद्ध प्रकरण दर्ज किया गया है। अमन बिना तलाक के दूसरा विवाह कर रहा है। मामले को जांच में लिया गया है। विधि-सम्मत कार्रवाई की जा रही है।

-विजय कुमार विश्वकर्मा, थाना प्रभारी, अधारताल

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *