इस साल का सबसे ठंडा दिन रहा शुक्रवार, आज भी ठंडा रहेगा मौसम, एक से आठवीं तक स्कूल हुए बंद

दिसम्बर बीतने के साथ सर्दी तेजी से बढ़ने लगी है। गुरुवार की तुलना में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 2.5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट के साथ 14.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि गुरुवार को अधिकतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस था। इसके चलते शुक्रवार का दिन इस सीजन का सबसे ठंडा दिन दर्ज किया गया।

मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने पर तापमान में और भी गिरावट दर्ज की जाएगी। शहर में गुरुवार रात से ही बादलों के साथ ही रात होने के साथ ही कोहरा भी गहराता गया। इसके साथ ही मध्यरात्रि के बाद कोहरा झड़ना भी शुरू हो गया। स्थिति यह थी कि कुछ देर कोहरे में रहने की वजह से लोग खुद को हल्का भीगा हुआ महसूस कर रहे थे।

ठंड बढ़ने से ठिठुरे लोग

गलन भी एक साथ काफी हद तक बढ़ गई। सुबह तक कोहरे की स्थिति कुछ सामान्य हुई, लेकिन बादलों की वजह से धूप के दर्शन नहीं हो सके। पूरे दिन आसमान में कोहरे की चादर छाए रहने से पारा भी लुढ़क गया। इसके साथ ही चल रही ठंडी हवाओं से गलन भी बढ़ गई, जो कि देर शाम तक चलती रहीं। इससे दोपहर में 12 बजे के बाद सड़कों पर जरूरी काम से निकले लोग ठिठुरते हुए नजर आए। इससे बाजारों में भीड़ कम नजर आई।

आज भी ठंडा रहेगा मौसम

मौसम विज्ञानी डा. आरके सिंह बताते हैं कि, शनिवार को भी ऐसा ही मौसम रहने के आसार है। इसके बाद अगले दो से तीन दिनों में पश्चिमी विक्षोभ के आसार है। इस वजह से पहाड़ों पर करीब पांच से छह एमएम और मैदानी क्षेत्रों में हल्की बूंदाबांदी होने के आसार हैं, जिसके बाद शीतलहर चलेगी और तापमान भी 10 डिग्री से नीचे आ सकता है।

एक से आठवीं तक स्कूल बंद

शीतलहर को ध्यान में रखते हुए डीएम रविन्द्र कुमार ने कक्षा एक से आठवीं तक के सभी विद्यालयों को शनिवार को बंद रखने का आदेश जारी किया। डीएम के आदेश के बाद बीएसए संजय सिंह शुक्रवार को एक पत्र जारी किया, जिसमें बताया कि आइसीएसई, सीबीएसई, परिषदीय विद्यालय, सहायता प्राप्त विद्यालयों समेत सभी तरह के विद्यालयों पर स्कूली बंदी का आदेश लागू होगा।

सर्दी बढ़ने से आठवीं तक के विद्यालयों को पहले ही सुबह 10 बजे से दोपहर तीन बजे तक कर दिया था, लेकिन भीषण सर्दी में बच्चों की हालत खराब हो रही थी। सर्दी बढ़ने से जिले में विंटर डायरिया के शिकार बच्चों की संख्या भी बढ़ने लगी। ऐसी सर्दी में बच्चों को सुरक्षित रखने के लिए डीएम ने बीएसए को 30 सितंबर को विद्यालय बंद करने के निर्देश दिए। 31 दिसंबर को रविवार का अवकाश रहेगा। ऐसे में अब विद्यालय एक जनवरी को ही खुलेंगे। वहीं, कई स्कूलों में शीतकालीन अवकाश पहले ही घोषित किए जा चुके हैं।

गेहूं, जौ को छोड़ अन्य फसलों को है नुकसान

कृषि विज्ञानी के अनुसार लगातार कोहरे की वजह से गेहूं और जौ की फसल को तो फायदा है, लेकिन आलू, टमाटर, सरसों, सब्जियां आदि के लिए यह नुकसानदायक है। अधिक कोहरे की वजह से आलू की फसल में झुलसा रोग लगने की आशंका रहती है, जिससे किसान को काफी घाटा हो सकता है। इसके साथ इन दिनों जितनी भी सब्जियां हो रही हैं। उन्हें भी इस कोहरे से नुकसान हैं।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *