फर्जी वेबसाइट बनाकर बेरोजगार युवक-युवतियों को नौकरी का झांसा देकर ठगने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का क्राइम ब्रांच ने राजफाश किया

भोपाल ।  फर्जी वेबसाइट बनाकर बेरोजगार युवक-युवतियों को नौकरी लगवाने का झांसा देकर ठगने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का भोपाल साइबर क्राइम ब्रांच ने राजफाश किया है। डीसीपी श्रुतकीर्ति सोमवंशी ने तीन महीने पहले इस मामले में मिले एक सुराग के बाद जांच शुरू करवाई थी। एसीपी सुजीत तिवारी की टीम पिछले तीन माह में अलग-अलग राज्यों में जाकर आरोपितों की जानकारी जुटा रही थी। जांच में यह बात सामने आई कि आरोपित द्वारा नौकरी डाट काम से मिलती-जुलती एक वेबसाइट बनाई थी। इस पर बायोडाटा लेकर रजिस्ट्रेशन चार्ज वसूला जा रहा था। वेबसाइट संचालित करने के लिए आरोपित लगातार अपनी लोकेशन बदल रहे थे। पुलिस ने इस मामले में इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर चुके वाराणसी उत्तर प्रदेश निवासी ऋषभ दुबे को गिरफ्तार किया है। उसके बाकी साथियों की तलाश की जा रही है। आरोपित मध्य प्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ सहित अनेक राज्यों में अभी तक 100 से ज्यादा युवक युवतियों को अपना शिकार बनाकर 1.6 करोड़ की ठगी कर चुका है।

ऐसे करता था ठगी

एसीपी सुजीत तिवारी ने बताया कि आरोपित अब तक कई बार अपनी वेबसाइट का नाम बदल चुका है। जैसे ही कोई युवक-युवती उसकी वेबसाइट पर विजिट करने के लिए आता है। वह रजिस्ट्रेशन कराने की बात करता है। इस प्रकार मोबाइल नंबर एवं ईमेल आइडी मिलने के बाद रजिस्ट्रेशन चार्ज के नाम पर रकम जमा करवा ली जाती है। इस वेबसाइट में लगातार फर्जी नौकरी के बारे में सूचनाएं भेजकर बेरोजगारों को आकर्षित किया जाता है। इंटरव्यू एवं बाकी प्रोसेस के लिए फोन कर अलग-अलग किस्तों में राशि जमा करवाई जाती थी और बाद में नंबर ब्लाक कर दिया जाता था।

महंगी कार, लैपटाप बरामद

साइबर क्राइम सेल के सब इंस्पेक्टर प्रमोद शर्मा ने नोएडा में छापा मारकर ऋषभ दुबे को महंगी कार एवं लैपटाप के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपित ने लोगों को झांसे में लेकर ठगी की राशि से लग्जरी कार, लैपटाप, दो मोबाइल सहित भारी भरकम बैंक बैलेंस तैयार कर लिया था। पुलिस ने सभी सामान जब्त कर लिया है। आरोपित को भोपाल लाकर पूछताछ की जा रही है।
 

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *