अंबिकापुर में सड़क किनारे सो रहे मजदूरों को स्कॉर्पियो ने कुचला, एक की मौत, दूसरे की हालत गंभीर…

छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में शनिवार देर रात तेज रफ्तार स्कार्पियो ने दो मजदूरों को कुचल दिया। हादसे में एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि दूसरे की हालत गंभीर है। हादसे के दौरान झोपड़ी में सो रहे अन्य मजदूर बाल-बाल बच गए। हादसा कोतवाली क्षेत्र में अंबिकापुर-गुमला एनएच- 43 पर हुआ है। 

जानकारी के मुताबिक, अंबिकापुर-गुमला एनएच-43 पर सड़क निर्माण कार्य चल रहा है। ठेका निर्माण कंपनी लुचकी घाट से चेंद्रा के बीच लालमाटी में पुलिया निर्माण करा रही है। निर्माण कार्य में लगे मजदूरों के रहने के लिए वहीं पास में झोपड़ी की व्यवस्था है। बताया जा रहा है कि शनिवार रात करीब 2.30 बजे अंबिकापुर की ओर से तेज रफ्तार में रायगढ़ की ओर जा रही स्कार्पियो पुलिया के डायवर्सन में मुड़ने की जगह सीधे झोपड़ी में जा घुसी और वहां सो रहे दो मजदूरों को कुचल दिया। 

हादसे के बाद स्कार्पियों सवार निकलकर भाग गए। अन्य मजदूरों ने ठेका कंपनी टीबीसीएल के कर्मचारियों को सूचना दी। इसके बाद डायल 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायल दोनों मजदूरों को मेडिकल कालेज अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने जशपुर के बगीचा निवासी आनंद राम नागेश (28) को मृत घोषित कर दिया। वहीं श्रमिक डमरू राम (29) को गंभीर हालत में आईसीयू में दाखिल किया गया है। पुलिस ने स्कार्पियो को जब्त कर लिया है। नंबर के आधार पर चालक की तलाश की जा रही है। 

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *