बीजापुर में नक्सलियों ने की  BJP नेता की चाकू और कुल्हाड़ी मारकर हत्या…

छत्तीसगढ़ के बीजापुर में रविवार को नक्सलियों ने भाजपा के मंडल अध्यक्ष नीलकंठ कक्केम की बेरहमी से हत्या कर दी। नक्सलियों के स्मॉल एक्शन ग्रुप ने वारदात को अंजाम दिया है। मामला आवापल्ली थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के मुताबिक बीजापुर के उसूर भाजपा मंडल अध्यक्ष नीलकंठ कक्केम अपने परिवार के साथ साली की शादी की तैयारी देखने रविवार को अपने पैतृक गांव पेकरम गए थे। यह इलाका धुर नक्सल प्रभावित क्षेत्र में आता है। वहां से दोपहर करीब 3 बजे सभी लोग आवापल्ली लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में नक्सलियों ने उन्हें घेर लिया। इसके बाद गाड़ी से नीचे उतारा और कुल्हाड़ी व चाकू से लगातार वार कर उनकी जान ले ली। फिर वहां से भाग निकले। 

नीलकंठ कक्केम करीब 30 सालों से राजनीति में थे। वे भाजपा के स्थानीय स्तर पर कद्दावर नेता थे और पिछले 15 सालों से उसूर भाजपा मंडल अध्यक्ष का काम संभाल रहे थे। पूर्व जनपद पंचायत सदस्य भी रह चुके थे। आवापल्ली थाने से करीब आठ किलोमीटर दूर पेकरम में वारदात हुई है। इसके चलते लोगों में दहशत का माहौल है। वारदात की पुष्टि बीजापुर एसपी ने की है। 

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *