कुछ लोग मंदिर के निर्माण से अब भी खुश नहीं हैं – अनुराग ठाकुर 

नई दिल्ली । केंद्रीय मंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता अनुराग ठाकुर ने  कहा कि विपक्षी दलों को अयोध्या में राम मंदिर में होने वाले प्राण प्रतिष्ठा समारोह पर टिप्पणी करना बंद कर देना चाहिए क्योंकि यह मंदिर 500 साल के लंबे इंतजार के बाद बन रहा है।  विपक्षी दलों के इस आरोप के बारे में पूछे जाने पर कि भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) ने राम मंदिर में ‘प्राण प्रतिष्ठा समारोह को एक राजनीतिक आयोजन में बदल दिया है, ठाकुर ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘कुछ लोग मंदिर के निर्माण से अब भी खुश नहीं हैं। ठाकुर ने अयोध्या स्थित राम मंदिर में 22 जनवरी को होने वाले प्राण प्रतिष्ठा समारोह से पहले भाजपा द्वारा शुरू किए गए स्वच्छता अभियान के तहत मंगलवार को कनॉट प्लेस स्थित हनुमान मंदिर परिसर की साफ-सफाई में हिस्सा लिया।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि कुछ लोग ऐसे हैं जो मंदिर के निर्माण से दुखी हैं, कुछ लोग ऐसे हैं जो ‘प्राण प्रतिष्ठा समारोह से दुखी हैं और कुछ ऐसे लोग हैं जिन्हें राजनीति के कारण इस पर बयान देना पड़ता है। उन्होंने कहा, ‘‘मैं बस इतना कहना चाहता हूं कि उन्हें इस पर टिप्पणी करना और बयान देना बंद कर देना चाहिए। अयोध्या में राम मंदिर 500 साल के इंतजार के बाद बना है और आगामी दिनों में देश एवं दुनिया भर से करोड़ों लोग इसके दर्शन करने जाएंगे।
ठाकुर ने कहा कि 22 जनवरी को भव्य ‘प्राण प्रतिष्ठा समारोह के बाद राम मंदिर के दरवाजे श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे और इसके लिए आवश्यक व्यवस्था की जाएगी। ठाकुर ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्षी दल ने भगवान राम को वर्षों तक अयोध्या में एक तंबू में रहने के लिए मजबूर किया और अब मंदिर मुद्दे पर लोगों को गुमराह करने और भड़काने की कोशिश कर रही है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *