रायपुर पहुंचे उपराष्ट्रपति; cm विष्णुदेव साय ने किया स्वागत, कृषि विश्वविद्यालय और विधानसभा के कार्यक्रम में होंगे शामिल

उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ आज शनिवार को सुबह में रायपुर पहुंचे। स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट माना में छत्तीसगढ़ के राज्यपाल विश्वभूषण हरिचंद और सीएम विष्णुदेव साय ने उनका स्वागत किया। इसके अलावा कृषि मंत्री रामविचार नेताम, रायपुर कमिशनर संजय अलंग और अन्य अधिकारियों ने उन्हें पुष्प भेंटकर आत्मीय स्वागत किया।

इसके बाद उपराष्ट्रपति और राज्यपाल रायपुर के जोरा स्थित इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय पहुंचे। उक्त कार्यक्रम में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया भी शिरकत करेंगे। उपराष्ट्रपति विश्वविद्यालय के 38वें स्थापना दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हो रहे हैं। उपराष्ट्रपति विश्वविद्यालय में इम्यूनोबूस्टर एवं कैंसर रोधी धान की नवीन किस्म ‘संजीवनी’ से निर्मित तीन उत्पादों संजीवनी इंस्टैन्ट, संजीवनी मधु कल्क और संजीवनी राइस बार का लोकार्पण करेंगे। धान की नवीन किस्म ‘संजीवनी’ इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय द्वारा भाभा अटॉमिक रिसर्च सेन्टर, मुम्बई के साथ किये गये अनुसंधान की ओर से विकसित की गई है।

उप राष्ट्रपति विश्वविद्यालय की ओर से आयोजित दो एक दिवसीय संगोष्ठियों का शुभारंभ भी करेंगे, जिनमें से एक कृषि के क्षेत्र में स्टार्टअप, नवाचार एवं उद्यमिता विकास पर केन्द्रित होगी। वहीं एक अन्य संगोष्ठी कृषि, पोषण एवं लोक स्वास्थ्य पर केन्द्रित होगी। धनखड़ इस मौके पर कृषि विश्वविद्यालय की ओर से प्रकाशित किसानोपयोगी ‘‘कृषि दर्शिका 2024’’ का विमोचन भी करेंगे। 

कृषि शिक्षा, अनुसंधान में महती भूमिका निभा रहा विश्वविद्यालय

इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय की स्थापना 20 जनवरी 1987 को हुई थी। इस विश्वविद्यालय को छत्तीसगढ़ प्रदेश में कृषि शिक्षा, अनुसंधान एवं प्रसार की जिम्मेदारी दी गई है। विश्वविद्यालय अपने 28 महाविद्यालयों, 08 अनुसंधान केन्द्रों एवं 27 कृषि विज्ञान केन्द्रों के माध्यम से संचालित कर रहा है। विश्वविद्यालय की स्थापना के बाद 52 फसलों की लगभग 162 प्रजातियों का विकास किया गया है। कृषि से अधिक लाभ लेने के लिए 100 से अधिक तकनीकें विकसित की गई हैं।

ये हैं उपराष्ट्रपति का शेड्यूल

तय कार्यक्रम के अनुसार दोपहर 12.15 बजे राजभवन पहुंचेंगे। वहां से दोपहर 3.30 बजे प्रस्थान कर शाम 4.10 बजे छत्तीसगढ़ विधानसभा के प्रबोधन सत्र में शिरकत करेंगे। वहां पर नवनिर्वाचित विधायकों को सम्बोधित करेंगे। इसके बाद शाम 5.20 बजे विधानसभा से प्रस्थान कर शाम 5.45 बजे रायपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। शाम 5.50 बजे दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे। 
 

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *