उपराष्ट्रपति की पत्नी ने आधुनिक शिक्षा से जोड़ने की पहल को सराहा, छात्राएं ले रही कम्प्यूटर साफ्टवेयर प्रोग्रामिंग की ट्रेनिंग

उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ की पत्नी डा. सुदेश धनखड़ ने रायपुर प्रवास के दौरान जिला प्रशासन के सहयोग से सेरीखेड़ी में संचालित नवगुरुकुल संस्थान में निश्शुल्क साफ्टवेयर इंजीनियरिंग प्रोग्रामिंग का प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे अंचल की छात्राओं से मिलीं।

प्रशिक्षणरत छात्राओं से चर्चा करते हुए धनखड़ ने नई सोच के साथ गुणवत्तायुक्त शिक्षा से जुड़ने व आधुनिक प्रशिक्षण प्राप्त कर समाज सेवा के लिए सभी को शुभकामनाएं दी। इस दौरान धनखड़ ने छात्राओं को उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए अंचल के जरूरतमंद परिवारों को आधुनिक शिक्षा से जोड़कर बेहतर भविष्य देने के प्रयासों के लिए जिला प्रशासन और राज्य सरकार की सराहना की। उनके आगमन पर उत्साहित छात्राओं ने उन्हें स्व-हस्त निर्मित आभार पत्र भी भेंट स्वरूप प्रदान किया।

इस मौके पर राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन की स्टेट डायरेक्टर पद्मिनी भोई साहू भी साथ थीं। धनखड़ के नव गुरुकुल संस्थान आगमन पर नगर निगम आयुक्त अबिनाश मिश्रा, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी विश्वदीप ने उनकी अगवानी की। इन अधिकारियों ने राज्य शासन के सहयोग से रायपुर जिला कलेक्टर डा. गौरव कुमार सिंह के मार्गदर्शन में अंचल की छात्राओं को कम्प्यूटर साफ्टवेयर प्रोग्रामिंग की निश्शुल्क शिक्षा प्रदान करने संचालित किए जा रहे इस आवासीय संस्थान की गतिविधियों की विस्तार से जानकारी दी।

100 छात्राएं हो रही प्रशिक्षित

संस्थान के प्रमुख निकेश ध्रुव व रायपुर कैंपस की मैनेजर पूर्वी सक्सेना ने अवगत कराया कि वर्तमान में रायपुर कैंपस में रायपुर, महासमुंद व धमतरी जिले की 100 छात्राएं 18 महीने का प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं। रायपुर जिला प्रशासन द्वारा इन सभी छात्राओं के लिए भोजन, आवास व अन्य सुविधाएं प्रदान की जा रही है।

प्रशिक्षण अवधि पूर्ण हो जाने के पश्चात इन छात्राओं को बहुराष्ट्रीय कंपनियों में रोजगार के अवसर मिलने के साथ ही स्वयं का स्टार्टअप शुरू करने में भी सहायता मिलेगी। प्रशिक्षण के दौरान निश्शुल्क लैपटाप भी इन छात्राओं को दिया गया है। इस दौरान जिला पंचायत के उप मुख्य कार्यपालन अधिकारी हरि किशन जोशी, जोन कमिश्नर संतोष पांडेय,जिला पंचायत और निगम की टीम उपस्थित थी।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *