छत्‍तीसगढ़ में फिर लौटेगी ठंड, रायपुर में छाए बादल, जानें मौसम का हाल

राजधानी रायपुर सहित छत्‍तीसगढ़ में नमीयुक्‍त हवाओं का प्रभाव धीरे-धीरे खत्‍म हो रहा है। इससे रात के तापमान में गिरावट आने की संभावना है। ऐसे में छत्‍तीसगढ़ के कुछ हिस्‍सों में लोगों को हल्‍की ठंड का अहसास आने वाले कुछ दिनों के दौरान करना पड़ सकता है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के उत्‍तरी भाग में उत्‍तरी हवाओं का प्रभाव बढे़गा और दक्षिणी हवाओं का प्रभाव घटेगा। इसके कारण उत्‍तरी छत्‍तीसगढ़ में न्‍यूनतम तापमान में गिरावट देखी जा सकती है।

ठंड की वापसी की संभावना के बीच रायपुर में आसमान में छाए बादलों ने मौसम में गर्मी ला दी है। गुरुवार को दोपहर बाद बदली के चलते उमस वाली गर्मी ने लोगों को परेशान किया। हालांकि इस बीच अधिकतम तापमान में 1.5 डिग्री सेल्सियस की कमी भी दर्ज की गई। रायपुर शुक्रवार को भी सुबह से बादल छाए हुए हैं।

मौसम में उतार-चढ़ाव का दौर जारी

मौसम विभाग के अनुसार वातावरण में हल्की ठंडकता आ सकती है। मौसम में उतार-चढ़ाव का दौर जारी है। गुरुवार को सुबह हल्के बादल थे। कुछ देर बाद तेज धूप खिल गई। दोपहर तक वातावरण लगभग सामान्य ही था, लेकिन शाम को बादलों के बीच उमस वाली गर्मी पड़ने लगी। देर शाम तक उमस था।

इस बीच दिन के तापमान में थोड़ी कमी दर्ज की गई, जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री अधिक पर जा पहुंचा। बीती रात में यह 20-5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा ने बताया कि शुक्रवार से रात के तापमान में दो-तीन डिग्री की कमी आ सकती है। शनिवार तक वातावरण में हल्की ठंडकता बनी रह सकती है। उसके बाद इसमें क्रमिक वृद्धि होने की संभावना जताई गई है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *