प्रदेश की नर्सों को दी जाएगी सेल्फ डिफ्रेंस की ट्रेनिंग

भोपाल । मप्र में सरकारी नर्सों को सेल्फ डिफेंस की ट्रेनिंग दी जाएगी। यह ट्रेनिंग खासकर महिला नर्सों के लिए होगी। फिलहाल इसकी शुरूआत उज्जैन से हो गई है। उज्जैन में लेडी नर्सों को लाठी चलाने और तलवारबाजी की ट्रेनिंग दी जा रही है। उज्जैन के माधव नगर स्थित सरकारी अस्पताल में नर्सों को सेल्फ डिफेंस सिखाया जा रहा है। खुद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इस तरह की ट्रेनिंग के आदेश दिए हैं।
ट्रेनिंग सेशन हर शुक्रवार को होगा। प्रदेश में इस तरह का यह पहला प्रयोग है। पहले सेशन में करीब 20 महिला स्टाफ ने लाठी चलाना सीखा। ट्रेनर मुस्कान सिसोदिया नर्सों को आत्मरक्षा के गुर सिखा रही हैं। ट्रेनिंग को लेकर नर्स और महिला स्टाफ उत्साहित है। माधव नगर अस्पताल की नर्स मनीषा साहू ने बताया कि नाइट ड्यूटी के दौरान अकेले रहते हैं। ऐसे में कई लोग नशे में धुत होकर अस्पताल में पहुंचते हैं।
आत्मरक्षा के लिए दिलाई जा रही ट्रेनिंग
अस्पताल प्रभारी डॉ. विक्रम रघुवंशी ने बताया कि महिला नर्स की बारी-बारी से नाइट ड्यूटी रहती है। नर्स का मेडिकल चेकअप समेत ट्रीटमेंट के दौरान हर तरह के मरीजों और उनके परिजनों से सामना होता है। जिला अस्पताल में भी आए दिन मारपीट की घटनाएं होती रहती हैं। इसे ध्यान में रखते हुए आत्मरक्षा के लिए ट्रेनिंग दी जा रही है। लेडी स्टाफ के बाद मेल स्टाफ नर्स को भी ट्रेनिंग दी जाएगी। करीब पांच महीने में 40 लोगों के स्टाफ को ट्रेनिंग दी जाएगी। शुरुआत लाठी चलाने से की गई है। अस्पताल प्रभारी ने बताया कि ट्रेनिंग के दौरान मरीजों को परेशानी न हो, इसलिए ड्यूटी पूरी होने के बाद ही स्टाफ को बुलाया जाएगा। उन्होंने बताया कि अभी लेडी नर्स के अलावा लेडी डॉक्टर चाहें, तो ट्रेनिंग ले सकते हैं।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *