पांच मार्च से फिर बदलेगा मौसम, छाएंगे बादल

भोपाल। आगामी पांच मार्च से फिर एक नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की संभावना जताई जा रही है। इस वजह मौसम में पुन: बदलाव आने की संभावना जताई जा रही है। संभाग के कुछ जिलों में बादल छाने की उम्मीद है। पिछले दो दिन से खराब चल रहा मौसम का मिजाज गुरुवार को सुधरा नजर आया। सुबह हल्के बादल छाए रहे पर दोपहर होते-होते बादल गायब हो गए। आससाफ साफ होते ही सूरज भी तल्खी बघारने आमादा दिखा। हालांकि अरब सागर से आ रही नम हवा और चार से पांच किमी प्रति घंटे की रफ्तार से उत्तर के साथ चली पश्चिमी हवा से धूप का असर कम रहा। हालांकि वातावरण में गर्माहट जरूर महसूस की गई। दिन का तापमान भी करीब चार डिग्री तक बढ़कर 30 डिग्री के करीब पहुंच गया। जिससे हल्की गर्मी का अहसास होता रहा। मौसम विभाग की मानें तो गुरुवार की रात से फिर एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है, इसके प्रभाव से संभाग के जिलों में कहीं-कहीं हल्के बादल छा सकते हैं। फिलहाल पांच मार्च तक मौसम शुष्क बना रहेगा। इस दौरान गर्मी का अहसास भी बढ़ सकता है। मौसम में आ रहे बदलाव से पारे की चाल भी बदल रही है। पिछले दिनों 26 डिग्री तक नीचे पहुंच चुका अधिकतम तापमान गुरुवार को फिर चार डिग्री की बढ़त के साथ 30.1 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया वहीं न्यूनतम तापमान जरूर 15.2 डिग्री सेल्सियस से दो डिग्री कम होकर 13.8 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। मौसम विभाग के अनुसार वर्तमान में एक पश्चिमी विक्षोभ चक्रवाती परिसंचरण के रूप में ईरान के आसपास स्थित है। इसके प्रभाव से हवा का रुख फिर बदल सकता है, अरब सागर से नमी आ रही है। अगले 24 घंटे के दौरान मौसम में आंशिक परिवर्तन देखा जा सकेगा जबकि इसके बाद गर्मी का अहसास बढ़ने लगेगा।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *