अष्ट महालक्ष्मी प्राण-प्रतिष्ठा में पहुंचे CM डॉ. मोहन यादव, कहा- धार्मिक पर्यटन क्षेत्र बनेगा जौरासी

ग्वालियर ।   मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव बुधवार को ग्वालियर के जौरासी पहुंचे और अष्ट महालक्ष्मी जी के प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में शामिल हुए। साथ ही सुप्रसिद्ध जौरासी हनुमान मंदिर एवं अष्ट महालक्ष्मी मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की प्रगति और खुशहाली की कामना की। विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर भी प्राण-प्रतिष्ठा कार्यक्रम में शामिल हुए।  मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि देश में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सांस्कृतिक अनुष्ठान का महापर्व चल रहा है। इसके तहत अयोध्या में भगवान राम के भव्य मंदिर का निर्माण हुआ है। साथ ही अवध से अरब तक भारत की सांस्कृतिक ध्वजा लहरा रही है। सनातन संस्कृति की इसी गौरवशाली परंपरा के अनुसार ग्वालियर जिले के जौरासी में अष्ट महालक्ष्मी के अद्भुत एवं भव्य मंदिर का निर्माण हुआ है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि जौरासी में प्रदेश ही नहीं देश के अद्भुत एवं भव्य अष्ट महालक्ष्मी मंदिर का निर्माण हुआ है।

इसकी स्थापत्य कला मनोरम व शांति दायक है। उन्होंने कहा कि जौरासी ऊर्जा व शांति से परिपूर्ण धर्म व अध्यात्म का क्षेत्र है। निश्चय ही यह  क्षेत्र धार्मिक पर्यटन के बड़े केन्द्र के रूप में स्थापित होगा। साथ ही कहा कि जौरासी में निर्मित अष्ट महालक्ष्मी जी का मंदिर हम सबके जीवन में खुशियां लेकर आएगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि सरकार ने पुराने मंदिरों की महत्ता को स्थापित करने के लिए मंत्रिमंडलीय उप समिति का गठन किया है। इस समिति के निर्देशन में प्रदेश भर के मंदिरों को सूचीबद्ध कर धर्मस्व, राजस्व एवं पर्यटन इत्यादि विभागों के सहयोग से इन मंदिरों का जीर्णोद्धार व सौंदर्यीकरण कर उनकी महत्ता स्थापित की जाएगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अशोकनगर के चंदेरी में देश के पहले “क्राफ्ट हेण्डलूम टूरिज्म विलेज” का लोकार्पण भी किया।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *