महिला के शव को दफनाने की हो गई थी तैयारी, मायके पक्ष ने मौत पर जताया संदेह तो पहुंच गई पुलिस

उज्जैन ।   उज्जैन में बीती रात नमाज के बाद ससुराल वाले महिला के शव को दफनाने की तैयारी कर रहे थे। तभी मायके वाले पुलिस को लेकर पहुंच गए और बेटी की मौत पर संदेह जताया। पुलिस ने शव को पीएम के अस्पताल भेजा और पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। पीएम रिपोर्ट आने के बाद महिला की मौत का सही कारण सामने आएगा। जानकारी के अनुसार आगर रोड विराटनगर में रहने वाली रानो बी पति फिरोज खान (38) की मंगलवार-बुधवार की रात मौत हो गई थी। ससुराल वालों ने मायके पक्ष को सूचना दी और नमाज के बाद दफनाने की तैयारी कर ली। रात को सेंधवा से मायके पक्ष के लोग विराटनगर पहुंचे और रानो की मौत पर संदेह जता दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल ले आई। साथ ही मर्ग कायम कर पोस्टमार्टम कराया गया।

अगर समय पर नहीं पहुंचते तो दफना देते शव

मृतका के जीजा शकील एहमद ने बताया कि रानो की शादी 15 साल पहले हुई थी। उसके चार बच्चे हैं। शादी के कुछ साल बाद ससुराल वालों ने उन्हें परेशान करना शुरू कर दिया था। इसकी शिकायत चिमनगंज और महिला थाने में दर्ज कराई गई थी। इस दौरान रानो मायके आ गई थी। लेकिन, पांच साल पहले पति समझौता कर उसे ले गया था। उसके बाद से उसे मायके नहीं भेजा जा रहा था। रानो की मौत होने की सूचना भी रात को दी गई। अगर समय पर नहीं पहुंचते तो उसका शव दफना दिया जाता।

पति ने कहा- तबीयत खराब थी  

मृतका के पति फिरोज ने बताया कि रानो की तबीयत खराब चल रही थी। उसे जिला अस्पताल में भर्ती किया गया था। सुबह हालत ठीक होने पर उसे घर लेकर आए थे, दोपहर में तबीयत बिगड़ने पर फिर अस्पताल लेकर पहुंचे तो डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। टीआई आनंद तिवारी ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। रिपोर्ट आने पर मौत का कारण सामने आएगा। 

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *