करण जौहर ने मां हीरू को दी जन्मदिन की बधाई, सोशल मीडिया पर भावुक नोट साझा कर लिखी ये बात

फिल्म निर्देशक करण जौहर की मां हीरू जौहर का आज जन्मदिन है। मां के खास दिन पर करण ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा की है। निर्देशक ने अपनी मां के साथ तस्वीरें साझा करते हुए एक भावुक नोट लिखा है। इसमें उन्होंने मां से मिली परवरिश की तारीफ करते हुए उन्हें प्रकृति का स्वरूप बताया है। साथ ही खुद को खुशनसीब बताया है कि उन्हें हीरू जौहर जैसी मां मिलीं। नोट में करण ने और क्या लिखा? आइए जानते हैं। करण जौहर ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट से दो तस्वीरें साझा की हैं। एक में वह अपनी मां को दुलार करते नजर आ रहे हैं। दूसरी तस्वीर में हीरू जौहर अपने नाती-नातिन यश और रूही के साथ नजर आ रही हैं। इसके साथ करण जौहर ने लिखा है, 'मां प्रकृति का स्वरूप हैं। मां बिना किसी शर्त के प्यार देती हैं और उस प्यार की कोई सीमा नहीं होती। मैं खुशनसीब हूं कि मुझे ऐसी मां मिलीं, जिन्होंने मुझे जमीन से जुड़कर रहना सिखाया और यह यकीन दिलाया कि पेशेवर उपलब्धियां हमें परिभाषित नहीं करतीं… हमारी पहचान हमारे व्यवहार से होती है'। 

इस बात के लिए मां को कहा शुक्रिया

करण जौहर ने आगे लिखा, 'मां ने मुझे विश्वास दिलाया कि अच्छाई महत्वाकांक्षा से ज्यादा महत्वपूर्ण है। अगर मैं किसी परिस्थिति में सही हूं तो मुझे लड़ाई की जरूरत नहीं है। आखिरकार धैर्य ही काम आता है और पहचान दिलाता है। लव यू मां, जन्मदिन मुबारक हो… मुझे इस दुनिया में लाने और मेरी दुनिया बनने के लिए धन्यवाद…'।

फिल्मी हस्तियों ने लिखे बधाई संदेश

करण जौहर के इस पोस्ट पर उनके फैंस के साथ-साथ इंडस्ट्री के सितारे भी प्रतिक्रिया दे रहे हैं। कैटरीना कैफ ने हार्ट इमोजी बनाया है। मलाइका अरोड़ा ने लिखा, 'हीरू आंटी को जन्मदिन मुबारक है। सोनी राजदान ने लिखा, 'प्यारी हीरू को मेरी तरफ से खूब प्यार, जन्मदिन की बधाई हो'। इनके अलावा फराह खान, हुमा कुरैशी, सुनीता कपूर, डायना पेंटी और मनीष पॉल समेत तमाम कलाकारों ने भी शुभकामाएं दी हैं।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *