पीएम मोदी सरकार की गारंटियों का भी वही हश्र होगा जो इंडिया शाइनिंग नारे का हुआ था : खरगे 

नयी दिल्ली । कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की गारंटी का भी वही हश्र होगा जो 2004 में इंडिया शाइनिंग नारे का हुआ था। उन्होंने कांग्रेस कार्य समिति की बैठक में यह भी कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं को कांग्रेस के घोषणा पत्र को घर-घर तक ले जाना होगा। 
बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि उनकी पार्टी इस लोकसभा चुनाव में जो वादे कर रही है उन्हें वह पूरा करेगी। उन्होंने कहा हम वादे करने के पहले गहराई से यह पड़ताल कर लेते हैं कि उनको पूरा कर पाएंगे या नहीं। इसीलिए कांग्रेस का घोषणापत्र 1926 से देश के राजनीतिक इतिहास में भरोसे का दस्तावेज बना हुआ है। 
कांग्रेस का घोषणा पत्र पार्टी के वरिष्ठ नेता पी चिदंबरम की अध्यक्षता वाली समिति ने तैयार किया है। खरगे के अनुसार समिति ने प्रयास किया कि हमारा घोषणा पत्र सिर्फ अकादमिक कवायद न रहे बल्कि उसमें व्यापक जन भागीदारी हो। इसके लिए संपर्क और संवाद किया गया है। इसके लिये वेबसाइट आवाज भारत की के जरिये लोगों से सुझाव आमंत्रित किए गए थे। उन्होंने राहुल गांधी के नेतृत्व वाली भारत जोड़ो न्याय यात्रा का उल्लेख करते हुए कहा कि इस यात्रा से जुड़े मुद्दों की देश विदेश में बहुत चर्चा हुई है। इससे हम देश का ध्यान जनता के असली मुद्दों पर खींच पाए हैं। इस यात्रा का समापन 16 मार्च को मुंबई में हुआ। खरगे ने कहा मुंबई हमारे लिए ख़ास तौर से महत्वपूर्ण है क्योंकि हमारी पार्टी की स्थापना मुंबई में ही हुई थी। हमारे स्वाधीनता आंदोलन को ताकत भी 1942 में भारत छोड़ो आंदोलन के दौरान मुम्बई से ही मिली थी। बड़ी बात है कि भारत जोड़ो न्याय यात्रा का समापन भी मुंबई में ही हुआ। खरगे ने कहा ये यात्राएं राजनीतिक रूप से ही महत्वपूर्ण नहीं हैं बल्कि हमारे राजनीतिक इतिहास में एक ऐसे प्रयास के रूप में दर्ज हो गई हैं जो जन संपर्क का सबसे बड़ा प्रयास है। इतनी लंबी पदयात्रा लम्बे समय से किसी राजनेता ने नहीं की है जिसे कोई चाहे तो भी नजरअंदाज नहीं कर सकता है। उन्होंने कांग्रेस की 5 गारंटियों का उल्लेख करते हुए पार्टी के वरिष्ठ नेताओं का आह्वान किया कि आप सभी वरिष्ठ नेताओं की बहुत अहम भूमिका होगी। आप सभी से मेरा अनुरोध है कि इसके सभी प्रमुख मुद्दों को पूरे देश में और गांव-मुहल्ला और घर-घर तक पहुंचाने में प्रेरक की भूमिका निभाएं।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *