बर्थडे बॉय ने तलवार से काटा केक, रिटर्न गिफ्ट देने के लिए युवकों को तलाश रही पुलिस
रीवा । रीवा जिले में साई मंदिर के समीप पार्किंग स्थल पर युवकों ने कुछ अलग ही अंदाज में अपने दोस्त का बर्थडे सेलीब्रेट किया। उन्होंने स्कूटी की सीट पर केक रखा और मोमबत्ती जलाई। इसी दौरान बर्थडे बॉय के एक साथी ने केक काटने के लि उसे तलवार थमा दी। युवक ने तलवार से काटा और दोस्तों ने वीडिया बना लिया। जिसे लाइक और कमेंट्स के लिए सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया। वीडियो वायरल होते ही पुलिस की नजर पड़ गई है। अब पुलिस युवकों की तलाश में जुटी हुई है। बता दें की लोकसभा चुनाव के चलते जिले भर में आचार संहिता लागू है। हर तरह की संदिग्ध गतिविधियों में पुलिस की पैनी नजर बनी हुई है। इसके बाद भी लोग अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहे हैं। तलवार से केक काट कर उसका वीडियो बनाना और सोशल मीडिया पोस्ट करना युवकों को अब भारी पड़ने वाला है। दो दीन पूर्व अरविंद नामदेव के फेसबुक अकाउंट पर एक वीडियो अपलोड हुई थी। साई मंदिर के समीप वाहन पार्किंग स्थल पर खड़े होकर कुछ युवक अपने दोस्त का बर्थडे सेलीब्रेट कर रहे थे। इसी दौरान एक युवक ने बर्थडे बॉय को तलवार निकाल कर दी, जिससे उसने केक काटा। एक साथी ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया, जो अब जमकर वायरल हो रहा है।
अब पुलिस करेगी कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक विवेक सिंह ने कहा कि तलवार से केक काटने का एक विडियो वायरल हुआ है। इस तरह का कृत्य करने वालों को जल्द ही चिन्हित कर उनके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अधीक्षक ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि कोई भी व्यक्ति इस तरह की गतिविधि में न रहे, ऐसा करने पर उसे जेल जाना पड़ सकता है।
