बीच मैदान पर फैन को देखकर घबराए रोहित शर्मा

वानखेड़े के मैदान पर सुरक्षा कवच को भेदकर एक फैन रोहित शर्मा से मिलने पहुंचा। फैन को अचानक से अपनी ओर भागता हुए देख हिटमैन एक बार को बुरी तरह से घबरा गए। फैन के जबरदस्ती करने पर रोहित ने डरते हुए उन्हें गले से लगाया। मुंबई इंडियंस के पूर्व कप्तान के साथ यह घटना राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ खेले गए मैच में घटी। सोशल मीडिया पर इसका वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है।

फैन को देखकर घबरा गए रोहित

दरअसल, रोहित शर्मा स्लीप पर फील्डिंग कर रहे थे और उनका ध्यान पूरी तरह से मैच पर था। तभी अचानक से एक फैन दौड़ लगाता हुआ रोहित के पीछे से आया। हिटमैन जब पीछे की ओर मुड़े, तो वह फैन को देखकर बुरी तरह से घबरा गए।

रोहित ने अपने कदम पीछे की ओर खिंचे, लेकिन फैन के जिद करने पर वह गले मिलने को तैयार हो गए। फैन को गले लगाते हुए रोहित के चेहरे पर डर साफतौर पर नजर आया। रोहित के बाद फैन ने ईशान किशन से भी मुलाकात की और उन्हें भी गले लगाया। हाल ही में एक फैन इसी तरह से बीच मैदान पर विराट कोहली से भी मिलने पहुंचा था।

बल्ले से फ्लॉप रहे रोहित

राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ खेले गए मुकाबले में रोहित शर्मा बल्ले से बुरी तरह से फ्लॉप रहे। वानखेड़े के मैदान पर रोहित की बैटिंग का लुत्फ उठाने आए मुंबई इंडियंस के फैन्स को निराश होना पड़ा। रोहित इस अहम मुकाबले में अपना खाता तक नहीं खोल सके और पहली ही गेंद पर पवेलियन लौटे। ट्रेंट बोल्ट की बाहर जाती हुई गेंद पर रोहित ने बल्ला लगाने का प्रयास किया और बॉल अंदरूनी किनारा लेकर संजू सैमसन के दस्तानों में समां गई।

मुंबई को मिली तीसरी हार

मुंबई इंडियंस को आईपीएल 2024 में लगातार तीसरी हार का मुंह देखना पड़ा। पहले बल्लेबाजी करते हुए मुंबई का बैटिंग ऑर्डर ताश के पत्तों की तरह बिखर गया और टीम 20 ओवर में 9 विकेट खोकर सिर्फ 125 रन ही बना सकी। राजस्थान ने रियान पराग की नाबाद 54 रन की पारी के दम पर इस लक्ष्य को महज 15.4 ओवर में हंसते-खेलते हुए हासिल कर लिया।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *